PM Modi Bhopal Speech: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को आयोजित देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन को संबोधित करते हुए पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख दिखाया। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में पाक को संदेश देते दो टूक कहा,”अगर तुम गोली चलाओगे, तो मानकर चलो कि जवाब गोले से दिया जाएगा।”
ऑपरेशन सिंदूर का किया बखान
प्रधानमंत्री ने 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले का जिक्र करते कहा कि हालिया आतंकी हमले में न सिर्फ निर्दोष भारतीयों का खून बहाया गया, बल्कि यह भारत की संस्कृति और नारी शक्ति पर सीधा हमला था। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा और सफल अभियान रहा है। जहां पाकिस्तान की सेना ने सोचने की भी हिम्मत नहीं की थी, वहां तक हमारी सेना पहुंची और आतंकवादियों को मिटा दिया।
“सिंदूर” बना नारी शक्ति और शौर्य का प्रतीक
प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति में सिंदूर के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “सिंदूर केवल श्रृंगार नहीं, यह नारी शक्ति का प्रतीक है। हमारी परंपरा में शक्ति पूजा से लेकर रामभक्ति तक, सिंदूर की विशेष भूमिका रही है। आज यही सिंदूर भारत के साहस और वीरता का प्रतीक बन गया है।”
मध्यप्रदेश को मिलीं कई सौगातें
इस अवसर पर पीएम मोदी ने मध्यप्रदेश के विकास के लिए कई योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने राज्य की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र की प्रतिबद्धता दोहराई। जैसे ही प्रधानमंत्री ने भारत की सैन्य शक्ति और नारी सम्मान की बात कही, हजारों महिलाओं ने तिरंगा लहराते हुए “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के नारे लगाए। जंबूरी मैदान देशभक्ति के रंग में रंग गया।
देवी अहिल्याबाई को किया नमन
प्रधानमंत्री ने इस भव्य आयोजन के माध्यम से देवी अहिल्याबाई होलकर को श्रद्धांजलि दी और उन्हें भारतीय संस्कृति, सेवा और नारी नेतृत्व का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन आज भी भारत की बेटियों को नेतृत्व, सेवा और शक्ति की प्रेरणा देता है।