हरियाणा:अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर सीएम नायब सिंह सैनी ने दी कई बड़ी सौगात, देखें लिस्ट

CM Nayab Singh Saini

CM Nayab Singh Saini: (कुरुक्षेत्र): हरियाणा में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती शुक्रवार को राज्य स्तरीय समारोह के रूप में भव्य तरीके से मनाई गई। कुरुक्षेत्र के पिपली स्थित अनाज मंडी में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन और योगदान को नारी शक्ति, धर्म और संस्कृति के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने गरीबों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की बड़ी सौगात दी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “अहिल्याबाई न केवल एक कुशल शासक थीं, बल्कि उन्होंने धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण और समाज में समानता के लिए जो कार्य किए, वे हमें आज भी प्रेरित करते हैं।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह से विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ रहा है, उसमें हमें अहिल्याबाई के आदर्शों से मार्गदर्शन लेना चाहिए। इस दौरान उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वास्थ्य, सेवा और संस्कार का रास्ता अपनाने की अपील भी की

सीएम ने की ये नई घोषणाएं

अहिल्याबाई के जीवन, शासन और धार्मिक कार्यों का विस्तृत चित्रण करने के लिए दो एकड़ भूमि पर एक भव्य संग्रहालय का निर्माण।

पाल गडरिया समाज की सहमति से किसी प्रमुख स्थान पर अहिल्याबाई के नाम से एक स्मारक प्रवेश द्वार।

पाल गडरिया समाज की धर्मशाला के लिए मुख्यमंत्री ने ₹31 लाख की राशि अपने स्वैच्छिक कोष से देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, मंत्रियों और सांसदों की ओर से भी ₹11-11 लाख के सहयोग का ऐलान किया गया।

संत-महापुरुषों की विरासत को सहेजने की पहल

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार “संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना” चला रही है, जिसका उद्देश्य महापुरुषों की शिक्षाओं और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा, “अहिल्याबाई होलकर ने काशी, अयोध्या, सोमनाथ, मथुरा, बद्रीनाथ और रामेश्वरम् जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण कराकर धर्म और संस्कृति को संरक्षित किया। उन्होंने शासन में भी समानता, न्याय और सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।”

आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख

हाल ही में हुए पहलगाम हमले का ज़िक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना की और बेटियों — व्योमिका सिंह और सोफिया कुरैशी — की भूमिका को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी। जो निम्न हैं।

राशन वितरण: 49 लाख बीपीएल परिवारों को मुफ्त राशन

उज्ज्वला योजना: 15 लाख महिलाओं को गैस कनेक्शन

आवास: 65,356 मकान बन चुके, 41,529 निर्माणाधीन

चिरायु योजना: ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज, अब तक ₹2761 करोड़ खर्च

पिछड़ा वर्ग आयोग: गठन के साथ 27% आरक्षण

शिक्षा: छात्रवृत्तियां, मुफ्त किताबें और छात्रावास सुविधा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *