नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्लीवासियों के लिए ‘पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना’ के रजिस्ट्रेशन पोर्टल का शुभारंभ किया। योजना का लाभ लेने के लिए दिल्लीवासी solar.delhi.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। इस अवसर पर कैबिनेट सहयोगी आशीष सूद और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्लीवासियों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में यह प्रयास किया जा रहा है।
3 किलोवाट तक मुफ्त लगेगा सोलर रूफटॉप
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा 3 किलोवाट तक का सोलर रूफटॉप सरकार बिना किसी लागत के लगाकर देगी। इसके लिए दिल्लीवासियों को अपनी ओर से कोई पैसा खर्च नहीं करना होगा। वहीं, 3 किलोवाट से अधिक क्षमता के सोलर रूफटॉप पर केंद्र और दिल्ली सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी।
केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये और दिल्ली सरकार की ओर से 78 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। इस तरह लाभार्थियों को कुल 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिल सकेगी।
मार्च 2027 तक 2.30 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दिल्लीवासी खुद बिजली बनाएं, बिजली के खर्च से राहत पाएं और अपनी बचत बढ़ाएं। इसके लिए मार्च 2027 तक दिल्ली के 2.30 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने दिल्लीवासियों से योजना के तहत पंजीकरण कराने और इसका पूरा लाभ उठानेको कहा।