51 हजार युवाओं को मिली रोजगार की सौगात, पीएम मोदी ने बांटे नियुक्ति पत्र

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 20वें रोजगार मेले के दौरान 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा के नियुक्ति पत्र प्रदान किए। देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से युवाओं को संबोधित भी किया। सरकार के मुताबिक, अब तक आयोजित रोजगार मेलों के जरिए 12 लाख 75 हजार युवाओं को अलग-अलग सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।

2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं और उनके परिवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवाओं की सफलता के पीछे उनकी मेहनत के साथ माता-पिता और परिवार के सदस्यों का भी योगदान है। पीएम मोदी ने कहा कि देश में त्योहारों का समय शुरू हो चुका है और इसी बीच हजारों परिवारों के लिए आज का दिन नई खुशी लेकर आया है।

उन्होंने कहा कि नियुक्ति पाने वाले युवा ऐसे समय में भारत सरकार का हिस्सा बन रहे हैं, जब देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के बड़े लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से ऐसे फैसले लेने की अपील की, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को मजबूत करें।

युवाओं की प्रतिभा और कौशल पर बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं की जिम्मेदारी केवल सरकारी सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य युवाओं के प्रति भी उनकी विशेष जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने दुनिया का भरोसा हासिल किया है। दुनिया भारत के नवोन्मेषकों, उद्यमियों और युवाशक्ति से बड़ी उम्मीदें रखती है।

प्रधानमंत्री ने हाल में हुए ब्रिक्स सम्मेलन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत का प्रयास है कि ब्रिक्स सहयोग केवल सरकारों तक सीमित न रहे, बल्कि उद्यमी, किसान, महिलाएं और युवा भी इस साझेदारी के सक्रिय भागीदार बनें।

इन विभागों में मिली नियुक्ति

रोजगार मेले में चयनित युवाओं को राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवाएं विभाग और रक्षा मंत्रालय समेत विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्तियां मिली हैं। सरकार की ओर से आगे भी रोजगार मेलों के जरिए युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर देने का प्रयास जारी रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *