PM Modi 76 Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। नेताओं ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत के नवउत्थान का शिल्पी, कर्मयोगी और यशस्वी प्रधानमंत्री बताते हुए जन्मदिवस पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी के प्रति सम्मान व्यक्त किया और उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सीएम नायब सैनी ने अपने पोस्ट में लिखा, “भारत के नवउत्थान के शिल्पी, कर्मयोगी एवं यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं।”
मनोहर लाल ने राष्ट्रहित और जनकल्याण का किया उल्लेख
वहीं, मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं देते हुए उनके संघर्ष और कार्यशैली का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत को नए शिखर पर प्रतिष्ठित करने के लिए निष्काम कर्मयोगी की तरह लगातार काम कर रहे हैं।
मनोहर लाल ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व को एक राजनेता से आगे बताते हुए उन्हें राष्ट्रहित को समर्पित ध्येयनिष्ठ नेतृत्वकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मूल में राष्ट्र-उत्थान और जनकल्याण ध्येयवाक्य की तरह मौजूद है।
मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी और कुशल नेतृत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में राष्ट्र अपने वैभवशाली, सम्पन्न और समृद्ध कालखंड से गुजर रहा है। यह प्रधानमंत्री के संकल्पों का ही सुफल है कि भारत नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
मनोहर लाल ने की पीएम मोदी के लिए प्रार्थना
मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इसी तरह भारत के मान, सम्मान और गौरव को बढ़ाने के साथ देश के परिवारजनों के जीवन को खुशहाली और समृद्धि के नव प्रकाश से आलोकित करते रहें।