पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर देशभर में आयोजन, काशी से वडनगर तक निकलेगी ‘सेवा संकल्प’ यात्रा

PM Modi

PM Modi’s 76th birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज से 17 अक्टूबर तक ‘संकल्प सेवा अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। वहीं, वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ भी निकाली जा रही है। वाराणसी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन पर देश-दुनिया से बधाइयां मिल रही हैं। बीजेपी और केंद्रीय मंत्रियों की ओर से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के मौके पर लोगों से दीये जलाने का आह्वान भी किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी आज दिल्ली में रहेंगे, जहां वह SEMICON India 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।

वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुजरात में कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं। अहमदाबाद में प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना के लिए 11 हजार दीये जलाए गए। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज जगन्नाथ मंदिर में विशेष आरती करेंगे। प्रधानमंत्री के गृहनगर वडनगर से उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक सेवा संकल्प बाइक यात्रा की तैयारी की गई है।

वडनगर में अमित शाह इस यात्रा को रवाना करेंगे, जबकि वाराणसी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ इसे हरी झंडी दिखाएंगे। वडनगर से निकलने वाली यात्रा में 250 बाइक सवार शामिल होंगे। वहीं काशी से वडनगर जाने वाली यात्रा में करीब 500 सेवा यात्री हिस्सा लेंगे।

कलश यात्रा से होगी शुरुआत

वडनगर में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर आयोजनों की शुरुआत बड़ी कलश यात्रा से होगी। गुजरात के चार बड़े मंदिरों से निकली कलश यात्राएं वडनगर पहुंचेंगी। इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सेवा संकल्प बाइक यात्रा देश के 10 राज्यों से होकर गुजरेगी। यह 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1159 गांवों तक पहुंचेगी, जहां लोगों से बातचीत की जाएगी।

गुजरात बीजेपी के प्रवक्ता अनिल पटेल के मुताबिक, बाइक यात्रा के जरिए बीजेपी का लक्ष्य देश के हर नागरिक तक पहुंचना है। इस कार्यक्रम में राजनाथ सिंह, चिराग पासवान, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक और यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई नेता शामिल होंगे।

उज्जैन में 25 लाख दीयों से दीपोत्सव

मध्य प्रदेश के उज्जैन में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। शिप्रा घाटों को 25 लाख से अधिक दीयों से रोशन किया जाएगा। इस आयोजन में करीब 30 हजार वालंटियर शामिल होंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के राजनीतिक सफर को लेकर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी थी।

काशी में बाइक यात्रा की विशेष तैयारियां की गई हैं। यात्रा में शामिल होने वाले बाइकर्स सुबह 10 बजे ललिता घाट पहुंचेंगे। डमरू दल और शंखध्वनि के बीच सेवा यात्री गंगा जल भरेंगे और काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से सीएम योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।

22 दिन तक चलने वाली यह यात्रा 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1159 गांवों तक पहुंचेगी। काशी में सीएम योगी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह काशी विश्वनाथ मंदिर में महारुद्राभिषेक भी करेंगे। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है।

यह बाइक यात्रा उत्तर प्रदेश के 50 जिलों से होकर गुजरेगी। इसमें युवा बाइकर्स शामिल होंगे। बीजेपी के मुताबिक, अभियान के जरिए सरकार के काम और योजनाओं को युवाओं, खासकर अल्फा और जेनरेशन जेड तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *