PM मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी में विशेष पूजा, राजनाथ सिंह और CM योगी ने भंडारे में बांटा प्रसाद

PM Modi 76 birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर वाराणसी से लेकर वडनगर और दिल्ली तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। काशी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु और मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना की। काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष अनुष्ठान के साथ महारुद्राभिषेक भी किया गया।

11 हवन कुंडों पर दी गई आहुतियां

वाराणसी में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान पुरोहितों ने विशेष मंत्रोच्चार किया और 11 हवन कुंडों पर आहुतियां दी गईं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र और मंगलकामना के लिए पूजा की गई। बाबा विश्वनाथ का महारुद्राभिषेक भी किया गया।

पूजा-अर्चना के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी से वडनगर जाने वाली बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर यह सेवा संकल्प बाइक यात्रा काशी से वडनगर के लिए रवाना हुई। इसके बाद राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ ने भंडारे में प्रसाद भी वितरित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

वडनगर से काशी के लिए भी रवाना हुई यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर गुजरात के वडनगर से काशी के लिए भी बाइक रैली रवाना की गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे हरी झंडी दिखाई। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे मौजूद रहे। इससे पहले वडनगर में प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र के लिए पूजा-अर्चना भी की गई।

अमित शाह ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लगातार विजय मिली है। उन्होंने कहा कि 25 साल में मोदी कोई चुनाव नहीं हारे और उन्होंने हमेशा जनमत का विश्वास हासिल किया। अमित शाह ने यह भी कहा कि बीजेपी ने अब बंगाल का गढ़ भी फतह कर लिया है।

दिल्ली में जलेंगे 1.25 लाख दीये

पीएम मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कर्तव्य पथ पर 1.25 लाख दीप जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। सीएम रेखा गुप्ता ने अलीपुर के खाटूश्याम मंदिर में 100 कुंडी हवन किया और प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र की कामना की। वहीं, दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी रक्तदान किया।

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया रक्तदान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी रक्तदान किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर लगाया गया। रक्तदान के बाद नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और देशवासियों से संकल्प अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *