प्रॉपर्टी आईडी शिकायत पर पिहोवा नगर पालिका सचिव को CM ने किया निलंबित

Nayab Singh Saini, CM

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रशासनिक सुधार और जन समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए पिहोवा नगर पालिका के सचिव को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी एक शिकायत पर की गई है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जन समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही होना चाहिए। उन्होंने एक दिन पहले ही अधिकारियों को निर्देश दिया था कि प्रॉपर्टी आईडी संबंधी किसी भी शिकायत के लिए नागरिकों को चंडीगढ़ तक आने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए। अधिकारी स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

CM सैनी ने लिया तुरंत एक्शन

सरकारी जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित शिकायत प्राप्त होने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। शिकायत में आरोप था कि स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा था, जिससे नागरिकों को परेशानी हो रही थी। मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का आदेश दिया।

यह कदम मुख्यमंत्री के सुशासन और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने के संकल्प को दर्शाता है। हरियाणा सरकार प्रॉपर्टी आईडी जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं को आसान और पारदर्शी बनाने पर जोर दे रही है, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री का मानना है कि प्रशासनिक सुधार तभी सफल होंगे जब अधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करेंगे।

इस कार्रवाई से साफ संकेत मिलता है कि सरकार जन समस्याओं के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। पिहोवा नगर पालिका के सचिव के निलंबन के बाद अब अन्य अधिकारियों पर भी दबाव बढ़ गया है कि वे नागरिकों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *