BJP National Team: भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान कर दिया है। सोमवार को पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन में कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपीं। नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को अहम पद दिए गए हैं। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि संगठन में कई नेताओं को महामंत्री और उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
बीजेपी की नई टीम में अनुभव और ऊर्जा के बीच संतुलन बनाने की कोशिश दिखाई दे रही है। पार्टी ने तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों को भी राष्ट्रीय संगठन में जगह दी है। इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब शामिल हैं।
किस नेता को मिली कौन सी जिम्मेदारी?
नई टीम में वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा और रेखा वर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं विनोद तावड़े और स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। सतीश पुनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी महामंत्री बनाया गया है।
बीएल संतोष राष्ट्रीय महामंत्री संगठन के पद पर बने रहेंगे। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल को भी संगठन में बरकरार रखा गया है।
हरीश द्विवेदी को महामंत्री बनाए जाने को उत्तर प्रदेश के लिहाज से अहम माना जा रहा है। वह बस्ती से आते हैं और पार्टी के प्रमुख ब्राह्मण चेहरों में शामिल हैं। 2027 में यूपी विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में उनकी भूमिका पार्टी की चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण हो सकती है। हरियाणा से आने वाले संजय भाटिया को भी नई टीम में जगह मिली है। संजय भाटिया का जुड़ाव अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी ABVP से रहा है। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का करीबी भी माना जाता है।
हेमांग जोशी को युवाओं की जिम्मेदारी
गुजरात के वडोदरा से लोकसभा सांसद हेमांग जोशी को नई टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें युवाओं को बीजेपी से जोड़ने की जिम्मेदारी मिलने की बात सामने आई है। पार्टी की कोशिश युवा वर्ग के बीच संगठन की पकड़ को मजबूत करने की है। नई टीम में वरिष्ठ नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी जिम्मेदारी दी गई है। इसके जरिए बीजेपी ने आने वाले चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने और अलग-अलग वर्गों तक अपनी पहुंच बढ़ाने पर फोकस किया है।
2027 में होगी पहली बड़ी परीक्षा
नितिन नवीन की नई टीम के सामने सबसे पहली बड़ी चुनौती 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। इनमें उत्तर प्रदेश का चुनाव सबसे अहम माना जा रहा है। बीजेपी की कोशिश यूपी में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की है। ऐसे में नई टीम के सामने संगठन और चुनावी प्रबंधन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
2027 में उत्तर प्रदेश के अलावा छह अन्य राज्यों में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके बाद 2028 में मध्य प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक और तेलंगाना समेत नौ राज्यों में चुनाव प्रस्तावित हैं। वहीं 2029 में लोकसभा चुनाव होंगे। इस लिहाज से नई टीम के सामने अगले तीन वर्षों में लगातार चुनावी चुनौतियां रहेंगी।
पीएम मोदी ने दी बधाई
नई टीम के ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों और पार्टी में अलग-अलग जिम्मेदारियां पाने वाले नेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई टीम के पास संगठन का अनुभव होने के साथ-साथ जमीनी जुड़ाव भी है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी समर्पित भाव से पार्टी को मजबूत करने और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने नई जिम्मेदारी पाने वाले सभी नेताओं को शुभकामनाएं दीं।
नितिन नवीन ने जताया भरोसा
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनुभव और ऊर्जा से समृद्ध यह टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति देगी। नितिन नवीन ने कहा कि टीम के सभी सदस्य कार्यकर्ता भाव से बीजेपी को और मजबूत करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्रसेवा के लक्ष्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में योगदान देगी।
नई टीम के ऐलान के साथ बीजेपी ने आगामी चुनावों के लिए अपनी संगठनात्मक तैयारियों को नई दिशा दी है। अब नई टीम के सामने राज्यों में संगठन को मजबूत करने और पार्टी की चुनावी रणनीति को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने की चुनौती होगी।