संविधान दिवस पर PM मोदी का लेख, विकसित भारत के संकल्प तक रखी बात

Constitution Day: देश आज 26 नवंबर को संविधान दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक लेख के माध्यम से संविधान के महत्व और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने संविधान को भारत की विकास यात्रा का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि इसकी ताकत ने सामान्य परिवारों से आने वाले लोगों को भी आगे बढ़ने के अवसर दिए हैं। प्रधानमंत्री ने अपने लेख में सरकार की योजनाओं और संवैधानिक बदलावों का उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष की नीतियों पर सवाल उठाए और युवाओं से संविधान के पुराने संशोधनों को समझने की अपील की।

संविधान दिवस के पीछे का इतिहास बताया

प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को स्वीकार किया था। इस ऐतिहासिक दिन के सम्मान में देश संविधान दिवस मनाता है। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान तैयार करने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी के अनुसार, संविधान के प्रति आम लोगों और विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से उनकी सरकार ने संविधान दिवस मनाने की परंपरा शुरू की।

सामान्य परिवार से प्रधानमंत्री बनने तक का सफर संविधान से जोड़ा

पीएम मोदी ने अपने बचपन और पारिवारिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति का जन्म किस परिस्थिति में हुआ है, इससे उसका भविष्य तय नहीं होता। उन्होंने कहा कि संविधान ने उनके जैसे सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को देश के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने का अवसर दिया। प्रधानमंत्री ने संविधान को सामाजिक और आर्थिक न्याय सुनिश्चित करने वाला माध्यम बताया।

सरकारी योजनाओं से गरीबी कम होने का दावा

अपने लेख में प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि देश में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और UPI जैसी पहल संविधान में दिए गए सामाजिक और आर्थिक न्याय के संकल्प को पूरा करने में योगदान दे रही हैं।

तीन संविधान संशोधनों को बताया महत्वपूर्ण

प्रधानमंत्री ने 101वें, 102वें और 103वें संविधान संशोधनों को भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि 101वें संशोधन के जरिए GST लागू करने का रास्ता तैयार हुआ। 102वें संशोधन में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया, जबकि 103वें संशोधन के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई।

उन्होंने यह भी बताया कि संविधान को पहली बार आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से पुरानी औपनिवेशिक दंड व्यवस्था की जगह नागरिकों को केंद्र में रखकर न्याय व्यवस्था विकसित करने की दिशा में बदलाव किया गया है।

पहले की सरकारों के फैसलों पर उठाए सवाल

पीएम मोदी ने अपने लेख में पहले संविधान संशोधन का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इससे मौलिक स्वतंत्रताओं पर पाबंदियां लगाई गईं। उन्होंने 42वें संशोधन के जरिए न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित करने की बात भी कही। प्रधानमंत्री ने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों को पढ़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन संशोधनों से यह समझने में मदद मिलेगी कि सत्ता के लिए काम करने वाली और संविधान विरोधी सरकारें किस तरह के फैसले ले सकती हैं।

उन्होंने एक विपक्षी पार्टी पर अनुच्छेद 356 के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके जरिए करीब 100 बार निर्वाचित राज्य सरकारों को हटाया गया। उन्होंने दावा किया कि एक प्रधानमंत्री ने अकेले 50 से अधिक बार इस प्रावधान का इस्तेमाल किया।

अनुच्छेद 370 और नक्सलवाद का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने 2019 में अनुच्छेद 370 और 35A में किए गए बदलावों को ऐतिहासिक अन्याय दूर करने वाला कदम बताया। उनके अनुसार, पहले इन प्रावधानों के कारण SC, ST, OBC और महिलाओं को उनके अधिकार नहीं मिल पा रहे थे। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे गरीबों को बिना भय के अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने का अवसर मिला है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि अब ‘दिमागी नक्सली’ देश की विकास यात्रा में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं।

OBC और महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष पर आरोप

पीएम मोदी ने देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी पर OBC आरक्षण में कटौती करके मुस्लिम आरक्षण लागू करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों ने मुस्लिम आरक्षण का स्पष्ट विरोध किया था।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को याद किया और महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विपक्ष पर महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रमुख विपक्षी दल अब ‘विरोध पक्ष’ नहीं, बल्कि ‘अवरोध पक्ष’ बन गया है।

2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए दिया संदेश

लेख के अंत में प्रधानमंत्री ने नागरिकों से देशहित को सबसे ऊपर रखने और अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने ‘India First’ की सोच और कर्तव्य भावना को विकसित भारत के निर्माण का आधार बताया। पीएम मोदी के मुताबिक, इन्हीं मूल्यों के साथ देश 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल कर सकता है।

बीजेपी पांच दिन चलाएगी संविधान जागरूकता अभियान

दूसरी ओर, संविधान दिवस के अवसर पर बीजेपी देशभर में संविधान गौरव दिवस मना रही है। पार्टी 26 से 30 नवंबर तक पांच दिनों का जागरूकता अभियान चलाएगी। इसके जरिए संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक परंपराओं को लोगों तक पहुंचाने की योजना है।

इस अभियान के तहत गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में दोपहर 3:30 बजे आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन पटना में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा गुजरात के अहमदाबाद में सार्वजनिक कार्यक्रम करेंगे। इसके अलावा पार्टी ने 1 दिसंबर से ‘सेवा दूत अभियान’ शुरू करने का भी फैसला किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *