15 अगस्त को सुबह 4 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो, जानें पहली मेट्रो का टाइम और पूरी व्यवस्था

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले में होने वाले समारोह को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों के लिए अपने संचालन समय में बदलाव किया है। 15 अगस्त को दिल्ली मेट्रो के सभी कॉरिडोर पर पहली ट्रेन सामान्य दिनों से करीब दो घंटे पहले, सुबह 4 बजे से उपलब्ध होगी। इसका मकसद समारोह में शामिल होने वाले लोगों को सुबह के समय सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है।

4 बजे से शुरू होगा मेट्रो संचालन

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के अनुसार, 15 अगस्त को सभी टर्मिनल स्टेशनों से पहली मेट्रो सुबह 4 बजे रवाना होगी। सुबह 4 बजे से 6 बजे तक ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी 30 मिनट रहेगी। यानी इस दौरान यात्रियों को हर आधे घंटे में मेट्रो मिलेगी।

सुबह करीब 6 बजे के बाद सभी कॉरिडोर पर मेट्रो सेवा अपने सामान्य समय और नियमित फ्रीक्वेंसी के मुताबिक चलने लगेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों के एंट्री गेट पहली ट्रेन के निर्धारित समय से करीब 10-15 मिनट पहले खोल दिए जाएंगे।

लाल किले के पास इन स्टेशनों से पहुंचे

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए लाल किले जाने वाले यात्रियों के लिए लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन प्रमुख विकल्प रहेंगे। हालांकि, सुरक्षा जांच और संभावित भीड़ को देखते हुए यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।

खास मेहमानों को नहीं देना होगा किराया

रक्षा मंत्रालय की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए आमंत्रित विशेष मेहमानों के लिए भी DMRC ने विशेष व्यवस्था की है। वैध प्रवेश पत्र रखने वाले लोगों को यात्रा के लिए अलग से QR कोड टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी। DMRC ने रक्षा मंत्रालय को 1.30 लाख प्री-वेंडेड QR टिकट उपलब्ध कराए हैं। वहीं, रक्षा मंत्रालय के वैध फिजिकल एडमिट कार्ड वाले आमंत्रित लोगों को तय मेट्रो स्टेशनों पर विशेष QR टिकट दिए जाएंगे। इन टिकटों के जरिए वे बिना किराया दिए मेट्रो में यात्रा कर सकेंगे। इस यात्रा का भुगतान रक्षा मंत्रालय की ओर से DMRC को किया जाएगा।

लाल किले के आसपास वाहनों पर पाबंदी

समारोह के मद्देनजर लाल किले के आसपास यातायात पर भी प्रतिबंध रहेगा। 15 अगस्त को सुबह 10 बजे तक नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निषाद राज मार्ग और एस्प्लेनेड रोड समेत कई सड़कों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके अलावा 14 अगस्त की आधी रात से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खत्ता से वजीराबाद ब्रिज के बीच व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *