साउथ दिल्ली को जाम से मिलेगी राहत, साकेत से बदरपुर तक बनेगा 8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर

South Delhi Traffic: दिल्ली के साउथ इलाके में रहने वाले लोगों को महरौली-बदरपुर (MB) रोड पर लगने वाले जाम से जल्द राहत मिल सकती है। दिल्ली सरकार इस मार्ग पर करीब 8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की योजना पर काम कर रही है। इसके तहत साकेत से बदरपुर तक चार फ्लाईओवर बनाए जाने हैं। इनमें से दो परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है और उनका निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। बाकी दो हिस्सों की योजना तैयार की जा रही है।

MB रोड पर सुबह और शाम के व्यस्त समय में वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। साकेत से बदरपुर के बीच सफर करने वाले लोगों को कई बार लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। प्रस्तावित कॉरिडोर बनने से इस मार्ग पर यातायात सुगम होने की उम्मीद है। इसका लाभ साकेत जी-ब्लॉक से बदरपुर तक आने-जाने वाले लोगों के अलावा अंबेडकर नगर, खानपुर, संगम विहार और पुल प्रह्लादपुर के निवासियों को भी मिल सकता है।

दो फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जारी

परियोजना के पहले हिस्से में साकेत जी-ब्लॉक से संगम विहार के बीच करीब 2.4 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इसका 50 प्रतिशत से अधिक निर्माण पूरा हो चुका है। यह फ्लाईओवर मेट्रो की भूमिगत लाइन के ऊपर बनाया जा रहा है। इसका निर्माण दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) कर रही है।

दूसरा फ्लाईओवर मां आनंदमयी मार्ग से पुल प्रह्लादपुर के बीच प्रस्तावित है। इसकी लंबाई करीब 2.5 किलोमीटर होगी। इस हिस्से का काम भी शुरू हो चुका है और इसके लिए बजट को मंजूरी मिल गई है। हालांकि, जमीन की उपलब्धता को लेकर कुछ दिक्कतें आ रही हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने जमीन उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) को पत्र लिखा है। इन दोनों फ्लाईओवर के निर्माण के लिए सरकार 1,471 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर कर चुकी है।

जनवरी 2027 तक तैयार होगी DPR

कॉरिडोर के बाकी दो हिस्सों पर अभी तैयारी चल रही है। इनमें संगम विहार से मां आनंदमयी मार्ग तक 2.7 किलोमीटर और पुल प्रह्लादपुर से बदरपुर तक करीब 450 मीटर का हिस्सा शामिल है। दोनों परियोजनाओं के लिए कंसल्टेंट नियुक्त किए जा चुके हैं।इन हिस्सों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) जनवरी 2027 तक तैयार होने की उम्मीद है। रिपोर्ट मिलने के बाद निर्माण कार्य के लिए बजट की मंजूरी ली जाएगी।

पेड़ों को बचाने के विकल्पों पर भी विचार

एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण के दौरान पर्यावरण का ध्यान रखने की भी तैयारी है। अधिकारियों की ओर से यह आकलन किया जा रहा है कि परियोजना से कितने पेड़ प्रभावित हो सकते हैं। पेड़ों को काटने के बजाय उन्हें दूसरी जगह स्थानांतरित करने के विकल्प पर भी विचार किया जा सकता है। चारों फ्लाईओवर तैयार होने के बाद MB रोड पर वाहनों का दबाव कम करने और साउथ दिल्ली के लोगों की यात्रा आसान बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, पूरे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की अंतिम समय-सीमा अभी तय नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *