Chamoli Tunnel Accident: उत्तराखंड के चमोली में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को खुद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सुरंग के अंदर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति देखी और बचाव दलों से सीधे जानकारी ली। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 3 लोग अभी भी टनल में फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने इन तीनों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
19 लोगों को निकाला गया बाहर
मायापुर, पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल में भूधंसाव के चलते पानी और मलबा भर गया था। करीब 3 किलोमीटर लंबी इस टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में यह स्थिति बनी।जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि हादसे के समय टनल में कुल 22 लोग फंसे थे। इनमें से 19 लोगों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 3 लोगों की तलाश जारी है। हादसे में 7 लोगों की मौत की सूचना है।
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और बचाव दलों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद वह खुद टनल के अंदर गए और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीमों से हालात और अभियान में आ रही चुनौतियों के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने NDRF, SDRF, ITBP, पुलिस और अन्य एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों के साथ तकनीकी विशेषज्ञता का भी प्रभावी इस्तेमाल किया जाए, ताकि अंदर फंसे तीनों लोगों तक जल्द पहुंचा जा सके।
घायलों के इलाज पर भी सीएम की नजर
रेस्क्यू किए गए घायलों को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग और डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है और लगातार स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बचाव अभियान के साथ घायलों के इलाज और उनके परिजनों की सहायता में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने रेस्क्यू टीमों को पूरी सावधानी के साथ अभियान चलाने और लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा।
इस दौरान प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।