अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं से भरी डबल डेकर बस पलटी, एक की मौत; 30 यात्री घायल

लखीमपुर खीरी: बिहार के बेतिया से अयोध्या राम मंदिर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही डबल डेकर बस मंगलवार देर रात हादसे का शिकार हो गई। लखीमपुर खीरी जिले में नेशनल हाईवे-30 पर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक समेत करीब 30 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई गई है।

रात करीब 2 बजे हुआ हादसा

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अमित राय के मुताबिक, हादसा मंगलवार रात करीब 2 बजे उचौलिया थाना क्षेत्र में एक गुरुद्वारे के पास हुआ। बस में सवार सभी श्रद्धालु बिहार से अयोध्या स्थित राम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। रात के समय बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए।

चालक को झपकी आने की आशंका

पुलिस ने मृतक की पहचान हरि शंकर लाल यादव (50) के रूप में की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि संभवत: चालक को झपकी आने के कारण बस पर से नियंत्रण हट गया और वह सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

गंभीर घायलों को शाहजहांपुर भेजा

हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पसगवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें से करीब छह यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए शाहजहांपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाकी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

पिछले महीने मथुरा में भी भिड़ी थीं दो बसें

उत्तर प्रदेश में इससे पहले पिछले महीने मथुरा जिले में भी दो बसों की टक्कर का मामला सामने आया था। नेशनल हाईवे-19 पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बस ने हरियाणा रोडवेज की बस को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में 13 से अधिक यात्री घायल हुए थे।

यह दुर्घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन के पास हुई थी। हादसे के बाद पुलिस, जिला प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया था। घायलों को इलाज के लिए कोसीकलां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *