नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को सोशल मीडिया और रील के दौर में शॉर्टकट से बचने की सलाह दी है। बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की ऑटोबायोग्राफी ‘Triumph of the Indian Republic: My Life, My Struggles’ के विमोचन कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, संघर्ष और अनुभव से सीखना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपनी पसंद के लोगों की ऑटोबायोग्राफी पढ़ने की अपील भी की।
‘शॉर्टकट विल कट यू शॉर्ट’
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि यह रील का जमाना है और सोशल मीडिया पर इंफ्लुएंसर लोगों को अपनी ओर खींचते हैं। उन्होंने कहा कि शॉर्टकट के इस दौर में युवाओं को एक बात याद रखनी चाहिए- ‘Shortcut Will Cut You Short’। पीएम मोदी ने रेलवे स्टेशन का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ लोग पुल का इस्तेमाल करने के बजाय पटरी पार करके शॉर्टकट अपनाते हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि अगर उन्हें जीवन में किसी रास्ते से आगे बढ़ना है तो वे ऑटोबायोग्राफी जरूर पढ़ें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति की ऑटोबायोग्राफी पढ़ने से उस दौर की ऐतिहासिक घटनाओं को अलग नजरिए से समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि बायोग्राफी का कालखंड इतिहास के काफी करीब होता है। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि रामनाथ कोविंद की मेहनत और संघर्ष की कहानी आने वाली पीढ़ियों, खासकर युवाओं के काम आएगी।
पीएम मोदी ने कोविंद के संघर्षों को किया याद
प्रधानमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के जीवन और संघर्षों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कोविंद का जीवन इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प के जरिए मुश्किल परिस्थितियों से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचा जा सकता है। पीएम मोदी ने बताया कि बचपन में घर का सामान बचाने की कोशिश के दौरान लगी आग में रामनाथ कोविंद ने अपनी मां को खो दिया था। उन्होंने कहा कि यह घटना उन्हें तोड़ सकती थी, लेकिन कोविंद ने इस दुख को अपनी ताकत बनाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविंद का जीवन और संघर्ष व्यक्तिगत जरूर थे, लेकिन उनके संघर्षों की जीत भारतीय लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति पद से हटने के बाद भी कोविंद ने आराम नहीं किया और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की पहल पर काम कर रहे हैं, जो भारतीय लोकतंत्र में नया अध्याय खोल सकती है।
पीएम मोदी ने मां को भी किया याद
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मां को भी याद किया। उन्होंने कहा कि वह भाग्यशाली रहे कि उनकी मां 100 साल से अधिक उम्र तक जीवित रहीं और उन्हें आशीर्वाद देती रहीं। इसके बावजूद आज भी उन्हें अपनी मां की कमी महसूस होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी का निधन 30 दिसंबर 2022 को हुआ था।