युवा दिवस पर CM सैनी ने शुरू किया HIV/AIDS अभियान, बोले- शिक्षा और जिम्मेदार व्यवहार जरूरी

Nayab Singh Saini, CM

पंचकूला: अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में HIV/AIDS जागरूकता अभियान ‘Intensified Information Education and Communication Campaign 3.0’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई देते हुए HIV/AIDS से बचाव के लिए जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार को सबसे प्रभावी हथियार बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान 12 अगस्त से शुरू होकर 12 अक्टूबर तक चलेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM सैनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस हर साल 12 अगस्त को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं के योगदान और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं ने खेल, प्रतियोगी परीक्षाओं, सेना, विज्ञान, कला और संस्कृति समेत हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

हरियाणा में करीब 60 हजार लोग HIV के साथ जी रहे

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में हरियाणा में करीब 60 हजार लोग HIV के साथ जीवन जी रहे हैं। हालांकि राज्य ने HIV संक्रमण और AIDS से होने वाली मौतों को कम करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। वर्ष 2010 की तुलना में नए संक्रमणों में करीब 25 प्रतिशत और AIDS से होने वाली मौतों में लगभग 80 प्रतिशत की कमी आई है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में HIV निदान का स्तर 71.9 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 93.01 प्रतिशत हो गया है। जुलाई 2026 तक अनुमानित संक्रमित लोगों में से 93.01 प्रतिशत की पहचान की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा ने 95:95:99 के लक्ष्य की ओर तेजी से कदम बढ़ाए हैं।

जांच से उपचार तक मजबूत सेवा नेटवर्क

CM सैनी ने बताया कि राज्य में HIV की जांच से लेकर उपचार तक मजबूत सेवा श्रृंखला तैयार की गई है। हरियाणा में 105 परामर्श एवं जांच केंद्र, 29 ART और लिंक ART केंद्र, 41 लक्षित हस्तक्षेप परियोजनाएं और 15 ओपिओइड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी केंद्र काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष करीब 8 लाख लोगों की निशुल्क HIV जांच की गई। इसके अलावा उच्च जोखिम और ब्रिज आबादी के करीब 1 लाख 89 हजार लोगों तक सेवाएं पहुंचाई गईं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि हर जागरूक युवा कम से कम 10 अन्य लोगों तक HIV से जुड़े सही तथ्य पहुंचाने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि HIV के विरुद्ध अभी तक कोई प्रभावी टीका उपलब्ध नहीं है, इसलिए शिक्षा, जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार ही बचाव का सबसे प्रभावी कवच है।

HIV संक्रमित लोगों को हर महीने 2250 रुपये की सहायता

CM सैनी ने बताया कि HIV के साथ जीवन जी रहे लोगों को हरियाणा सरकार 2,250 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता दे रही है। वर्ष 2021 से अब तक इस योजना के तहत 82 करोड़ 84 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। इस वर्ष भी इसके लिए 28 करोड़ 53 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के जिन पांच जिलों में अभी ART केंद्र नहीं हैं, वहां केंद्र स्थापित करने के लिए समयबद्ध और ठोस कदम उठाए जाएं।

खेलों में हरियाणा के युवाओं ने बढ़ाया देश का गौरव

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं ने खेलों में भी देश का गौरव बढ़ाया है। पेरिस ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में राज्य के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश के लिए 7 गोल्ड मेडल जीते, जिनमें से 5 पदक बेटियों ने हासिल किए। CM ने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवाओं के अवसर, खेल अकादमियां, खेल नर्सरी, प्रशिक्षण सुविधाएं और आधुनिक खेल ढांचे का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी सोच के तहत खेल विभाग का बजट बढ़ाकर 668 करोड़ 42 लाख रुपये किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना और उन्हें स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने इसी जनसंकल्प के साथ HIV/AIDS जागरूकता अभियान के शुभारंभ की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *