गुरु पूर्णिमा पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी बधाई, गुरु परंपरा और संस्कारों का बताया महत्व

PM Narendra Modi

Guru Purnima 2026: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के मनोहर लाल खट्टर ने देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इन नेताओं ने भारतीय संस्कृति में गुरु के महत्व को रेखांकित करते हुए गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने लोगों से गुरु के बताए मार्ग पर चलकर जीवन में सत्य, संस्कार और कर्तव्य को अपनाने का आह्वान किया।

पीएम मोदी ने क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि अपने शिष्यों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर उन्हें सुविचार और सुसंस्कारों से सुशिक्षित भी करते हैं। उन्होंने सभी देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में गुरु के आदर्शों को अपनाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर संस्कृत का एक श्लोक भी साझा किया, जिसमें गुरु के विभिन्न स्वरूपों का उल्लेख करते हुए उन्हें प्रेरक, मार्गदर्शक और ज्ञान देने वाला बताया गया है।

गुरु परंपरा और संस्कारों पर दिया जोर

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु केवल ज्ञान के स्रोत नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के सान्निध्य से व्यक्ति के संस्कार, चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण होता है तथा जीवन में सत्य और कर्तव्य का बोध होता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने तथा उनके बताए आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लेने की अपील की।

मनोहर लाल खट्टर ने संत कबीर का दोहा किया साझा

वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने संत कबीर का दोहा-“गुरु बिन ज्ञान न उपजै, गुरु बिन मिलै न मोक्ष। गुरु बिन लखै न सत्य को, गुरु बिन मैटैं न दोष।” -साझा करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में गुरु को साक्षात् परम ब्रह्म माना गया है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सम्मान प्रकट करने का अवसर है। उन्होंने सभी के यशस्वी, धर्ममय और जनकल्याणकारी जीवन की कामना करते हुए कहा कि गुरु का आशीर्वाद व्यक्ति को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है और समाज व राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *