नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश ने सामान्य जनजीवन के साथ हवाई यातायात पर भी असर डाला। लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर कई उड़ानों के संचालन में देरी हुई। उड़ानों के प्रभावित होने के बाद एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने और फ्लाइट का स्टेटस जांचने की सलाह दी है।
बारिश के कारण उड़ानों पर असर
दिल्ली में सुबह से मौसम का मिजाज बदला रहा और दोपहर तक कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। खराब विजिबिलिटी और प्रतिकूल मौसम का असर एयर ट्रैफिक पर भी पड़ा। दिल्ली से उड़ान भरने वाली और यहां आने वाली कई फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं। एयरपोर्ट पहुंचने वाले मार्गों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
इंडिगो ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
इंडिगो ने कहा कि खराब मौसम के चलते दिल्ली आने और जाने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। एयरलाइन ने यात्रियों से वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए फ्लाइट का लेटेस्ट स्टेटस चेक करने और एयरपोर्ट के लिए समय से पहले रवाना होने की अपील की है। कंपनी ने यात्रियों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने का भी अनुरोध किया है।
रेड अलर्ट के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। सदर बाजार, मंडी हाउस, पार्लियामेंट क्षेत्र समेत कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि नोएडा, गाजियाबाद और एनसीआर के अन्य इलाकों में भी झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने को कहा गया है।