ईरान बातचीत को लेकर गंभीर नहीं, सहयोगियों की सुरक्षा के लिए हर कदम उठाएंगे: मार्को रुबियो

Marco Rubio_US Foreign Minister

फिलीपींस: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ईरान पर बातचीत के दौरान किए गए वादों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है। फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित आसियान (ASEAN) पोस्ट-मिनिस्टीरियल सम्मेलन के दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका कूटनीतिक समाधान का समर्थक है, लेकिन यदि ईरान वार्ता को गंभीरता से नहीं लेता, तो अमेरिका अपने सहयोगियों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाएगा।

कूटनीति के लिए तैयार

मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका हमेशा बातचीत के जरिए विवादों के समाधान में विश्वास रखता है और ईरान के साथ भी यही नीति अपनाई गई है। उनके अनुसार, पिछले महीने दोनों देशों के बीच प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष माध्यमों से संपर्क हुआ था, लेकिन ईरान ने बातचीत के दौरान किए गए अपने वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि यदि तेहरान वास्तव में समाधान चाहता है तो अमेरिका भी सार्थक वार्ता के लिए तैयार है।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण की मांग का किया विरोध

रुबियो ने ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्यसे गुजरने वाले समुद्री यातायात पर नियंत्रण की मांग की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग है और किसी एक देश को इस पर नियंत्रण का अधिकार नहीं मिल सकता। उनके मुताबिक, यदि किसी देश को इस रणनीतिक जलमार्ग पर नियंत्रण की अनुमति दी जाती है, तो इससे वैश्विक व्यापार और समुद्री आवाजाही की स्वतंत्रता के लिए खतरनाक मिसाल कायम होगी।

क्षेत्रीय तनाव पर भी जताई चिंता

अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय तनाव अब होर्मुज जलडमरूमध्य से आगे बढ़कर बाब-अल-मंदेब (Bab el-Mandeb) तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। उन्होंने हूती विद्रोहियों की ओर से समुद्री व्यापार को प्रभावित करने की चेतावनियों का भी उल्लेख किया और कहा कि अमेरिका क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने तथा अपने सहयोगी देशों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *