जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज-2 का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना जयपुर और राजस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास किया था और अब इसके निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हो गई है।
42 किलोमीटर का होगा नया मेट्रो कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर के लिए मेट्रो बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संचालित मेट्रो कॉरिडोर केवल 11 किलोमीटर लंबा है। उस समय ऐसा रूट चुना गया था, जहां अपेक्षाकृत कम यात्री सफर कर पाते थे। अब फेज-2 के तहत 42 किलोमीटर लंबे नए रूट का निर्माण किया जा रहा है, जिससे शहर के अधिक हिस्सों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा और बड़ी संख्या में यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
शहर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
भजनलाल शर्मा ने कहा कि जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने इसे जयपुर के भविष्य की जरूरत बताते हुए कहा कि नया मेट्रो नेटवर्क यातायात को सुगम बनाने के साथ-साथ शहर के विकास को भी नई गति देगा।