PM मोदी के हरियाणा दौरे की तैयारियां पूरी, CM नायब सैनी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा दौरे से पहले राज्य सरकार ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद में आयोजित होने वाली ‘विकसित हरियाणा–विकसित भारत रैली’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जींद में रचा जाएगा नया इतिहास

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से जींद एक नया इतिहास रचने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में ग्रीन रेलवे युग की शुरुआत होने जा रही है, जो राज्य के साथ-साथ देश के रेल नेटवर्क को नई दिशा देगी।

रैली और विकास परियोजनाओं पर रहेगी नजर

प्रधानमंत्री मोदी जींद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसी कार्यक्रम में भारत की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाए जाने की तैयारी है। इसके अलावा सड़क, रेलवे और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं की सौगात भी हरियाणा को मिलने वाली है।

राज्य सरकार के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और आम लोगों की सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि रैली और सभी कार्यक्रमों का आयोजन व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *