हरियाणा को कल मिलेंगी कई बड़ी सौगातें, PM मोदी भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

PM Modi

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हरियाणा के जींद दौरे पर कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच चलेगी और भारतीय रेलवे में स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

पहली हाइड्रोजन ट्रेन की होगी शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी के अनुसार, हाइड्रोजन से चलने वाली इस ट्रेन के संचालन के साथ भारत उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो जाएगा, जहां इस अत्याधुनिक और पर्यावरण अनुकूल तकनीक का इस्तेमाल रेल परिवहन में किया जा रहा है। इस पहल से रेलवे क्षेत्र में स्वच्छ तकनीक को बढ़ावा मिलेगा और कार्बन उत्सर्जन कम करने में भी मदद मिलेगी।

कई सड़क और रेल परियोजनाओं का उद्घाटन

जींद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कई सड़क और रेलवे परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य दिल्ली–अमृतसर, अंबाला–कालाअंब और जींद–गोहाना समेत विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क को बेहतर बनाना है। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से यात्रा आसान होगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

दो मेडिकल कॉलेज राष्ट्र को होंगे समर्पित

प्रधानमंत्री भिवानी और नारनौल में बने नए मेडिकल कॉलेजों को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन संस्थानों के शुरू होने से हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और स्थानीय छात्रों को मेडिकल शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

सिख संग्रहालय की रखी जाएगी आधारशिला

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र में बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखेंगे। इस संग्रहालय में सिख धर्म के गौरवशाली इतिहास, सिख गुरुओं की शिक्षाओं और देश निर्माण में सिख समुदाय के योगदान को आधुनिक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *