दिल्ली में पुराने कपड़ों से जुड़ेगा रोजगार, 10 मेट्रो स्टेशनों पर खुलेंगे ‘अर्पण’ दान केंद्र

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने पुराने कपड़ों के पुनर्चक्रण (Recycle) और अपसाइक्लिंग (Upcycle) को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इस परियोजना के तहत जल्द ही दिल्ली मेट्रो के 10 स्टेशनों पर ‘अर्पण’ केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां लोग अपने पुराने कपड़े दान कर सकेंगे। इस योजना को लागू करने के लिए मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में दिल्ली सरकार, DLWO, DMRC, SULM, ReSpun और Clothes Box Foundation के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

10 मेट्रो स्टेशनों पर शुरू होगी सुविधा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि ‘ओल्ड क्लोथ्स डोनेशन प्रोजेक्ट’ के तहत स्थापित होने वाले ‘अर्पण’ केंद्रों पर एकत्र किए गए कपड़ों को रिसाइकिल और अपसाइकिल कर दोबारा उपयोग के योग्य बनाया जाएगा। इससे कपड़ों के कचरे में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

महिलाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल कपड़ों का पुन: उपयोग करना नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर भी तैयार करना है। परियोजना के माध्यम से रिसाइक्लिंग और अपसाइक्लिंग से जुड़े कार्यों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की योजना है, जिससे उन्हें रोजगार और आय के नए साधन मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल स्वच्छ, टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। साथ ही इससे वस्त्र अपशिष्ट (Textile Waste) को कम करने और संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *