दिल्ली में प्रदूषण पर AI का पहरा, CM रेखा गुप्ता ने लॉन्च किया डस्ट पोर्टल 2.0

Delhi Dust Portal: (नई दिल्ली): दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण और हरित पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार ने दो बड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में AI-संचालित ‘डस्ट पोर्टल 2.0’ और मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। वहीं, राजधानी में चल रहे 70 लाख पौधारोपण अभियान के तहत मॉडल टाउन में 1,100 पौधे लगाए गए और लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल होने की अपील की गई।

AI से होगी धूल प्रदूषण की रियल-टाइम निगरानी

दिल्ली सरकार के अनुसार, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) द्वारा विकसित डस्ट पोर्टल 2.0 निर्माण एवं विध्वंस (C&D) स्थलों पर धूल नियंत्रण उपायों की AI तकनीक की मदद से रियल-टाइम निगरानी करेगा। यह प्रणाली परियोजना संचालकों को स्वयं मूल्यांकन (Self-Assessment) की सुविधा भी देगी, जिससे नियमों का पालन बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया जा सकेगा।

सरकार का कहना है कि इस नई व्यवस्था से धूल प्रदूषण पर निगरानी अधिक प्रभावी होगी और नियमों के उल्लंघन पर समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी। पोर्टल और मोबाइल ऐप के शुभारंभ के दौरान कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

70 लाख पौधारोपण अभियान को मिला जनसहभागिता का साथ

इस बीच, दिल्ली सरकार ने राजधानी को अधिक हरित बनाने के लिए चलाए जा रहे 70 लाख पौधारोपण अभियान को भी गति दी है। मॉडल टाउन में 1,100 पौधे लगाए गए, जिसे सरकार ने जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने लोगों से अपील की है कि वे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाकर इस मिशन का हिस्सा बनें। सरकार का लक्ष्य राजधानी के हर मोहल्ले तक इस अभियान को पहुंचाना और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना है। दिल्ली सरकार का कहना है कि अत्याधुनिक तकनीक और व्यापक पौधारोपण अभियान के जरिए राजधानी में प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *