हिसार: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJUST) में आयोजित कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खेजड़ली महाबलिदान स्मृति शिल्प, माता अमृता देवी सर्कल और नर्सिंग विभाग के नए भवन का लोकार्पण किया, जबकि छात्राओं के लिए बनाए जाने वाले आधुनिक गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती देंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सके।
नई शिक्षा नीति के अनुरूप आगे बढ़ रहा हरियाणा
सीएम नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप हरियाणा में शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास को लगातार मजबूत किया जा रहा है। सरकार शिक्षा संस्थानों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार कर युवाओं को विश्वस्तरीय शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हरियाणा को एक मजबूत नॉलेज इकोनॉमी हब के रूप में विकसित करना है। इसके लिए विश्वविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास तेज़ी से किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, शोध और नवाचार के अवसर मिल सकें।