(चंडीगड़): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य के लाखों परिवारों को बड़ी सौगात दी है। चंडीगढ़ से आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 50.20 लाख परिवारों के बैंक खातों में 19 जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 1,582 करोड़ रुपये से अधिक की लाभ राशि ट्रांसफर की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र परिवार तक बिना किसी बिचौलिए के सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इन योजनाओं के तहत भेजी गई राशि
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि ट्रांसफर की गई राशि में 15 विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के साथ-साथ दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना, दयालु योजना, हर घर-हर गृहिणी योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र परिवार शामिल हैं। इन सभी योजनाओं की सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
DBT को बताया सुशासन का प्रतीक
सीएम नायब सैनी ने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए किया गया यह भुगतान सरकार की पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इससे लाभार्थियों को बिना किसी देरी और बिचौलियों के सरकारी सहायता सीधे उनके खातों में मिल रही है।
PM मोदी के मार्गदर्शन का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार लगातार यह सुनिश्चित कर रही है कि राज्य के हर पात्र परिवार तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार भविष्य में भी गरीब, जरूरतमंद और पात्र नागरिकों के कल्याण के लिए इसी तरह काम करती रहेगी, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।