(नई दिल्ली): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे देश को मजबूत और सुरक्षित बनाने के साथ-साथ रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
PM मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि राजनाथ सिंह भारत को मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उनका योगदान बेहद अहम है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि राजनाथ सिंह को शासन और प्रशासन से जुड़े विभिन्न विषयों की गहरी समझ है, जो उनके नेतृत्व की बड़ी ताकत है। अंत में उन्होंने रक्षा मंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की।
मनोहर लाल ने भी दी शुभकामनाएं
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी X पर पोस्ट कर राजनाथ सिंह को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने उन्हें भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य और लोकप्रिय जननेता बताते हुए लिखा कि उनका सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण है। खट्टर ने भगवान श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की प्रार्थना की।
रक्षा क्षेत्र में निभा रहे अहम भूमिका
राजनाथ सिंह मौजूदा समय में देश के रक्षा मंत्री हैं और पिछले कुछ वर्षों में रक्षा क्षेत्र में कई बड़े सुधारों का नेतृत्व कर चुके हैं। स्वदेशी रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने, सेना के आधुनिकीकरण और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के तहत रक्षा उपकरणों के घरेलू निर्माण को प्रोत्साहित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी अपने संदेश में विशेष रूप से रक्षा क्षेत्र में उनके योगदान और भारत को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की सराहना की।