लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अतिवर्षा और आकाशीय बिजली से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पशुधन और संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा है। स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत कार्य तेज करने और प्रभावितों को 24 घंटे के अंदर मुआवजा देने के सख्त निर्देश दिए हैं।
CM योगी ने अधिकारियों को फील्ड में उतरने के दिए आदेश
मुख्यमंत्री ने बारिश से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अतिवर्षा और बिजली गिरने से प्रभावित हर परिवार से सीधे संवाद कर उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए।
CM योगी ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तुरंत फील्ड में निकलें और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी करें। साथ ही जनहानि और नुकसान का आकलन कर 24 घंटे के भीतर पीड़ितों को सरकारी सहायता और मुआवजा राशि उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
5 जिलों में हुई 8 मौतें, कई घायल
राज्य में अलग-अलग जगहों पर हुई बारिश संबंधी घटनाओं में अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है:
- संत कबीर नगर: मेहदावल तहसील के कात्या गांव में 17 वर्षीय चांदनी और प्रतापपुर गांव में 60 वर्षीय वर्षाना की खेत में काम करते समय बिजली गिरने से मौत हो गई। एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर परिवारों को सरकारी सहायता दी जाएगी।
- कुशीनगर: विशनपुरा थाना क्षेत्र के थडीभर गांव में 14 वर्षीय राहुल कुमार की खेत की मेड़ पर खड़े होने के दौरान बिजली गिरने से मौत हो गई। परिवार ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया।
- बुलंदशहर: खुर्जा के मूंडाखेड़ा गांव में भारी बारिश के बाद शाम 5 बजे दीवार गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। 3 अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सीओ शोभित कुमार के अनुसार सभी लोग खाली प्लॉट में बने अस्थायी तंबू में रह रहे थे।
- शामली: थानाभवन कस्बे में टिन शेड की दीवार गिरने से 49 वर्षीय शाहिद की मौत हो गई। उनके दो बेटे अमन 17 और नौमान 15 गंभीर रूप से घायल हैं।
- गाजियाबाद: विजय नगर की सर्वोदय कॉलोनी में 3 वर्षीय पल्लवी घर के बाहर भरे पानी में डूब गई। एसीपी उपासना पांडे ने इसकी पुष्टि की। एडीएम जंग बहादुर यादव ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने की बात कही।
जलभराव से बेहाल शहर, स्कूल बंद
भारी बारिश से गाजियाबाद, नोएडा और प्रयागराज में जलभराव की स्थिति है। गाजियाबाद में वसुंधरा सेक्टर 13 में सड़क धंसने से एक कार और स्कूटर गड्ढे में चले गए। प्रशासन ने आईएमडी के अलर्ट के बाद शुक्रवार को सभी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया।
नोएडा के सेक्टर 33 में परिवहन विभाग का कार्यालय पानी में डूब गया। वहीं प्रयागराज में सिविल लाइंस और महिला थाने में भी पानी भर गया। मुजफ्फरनगर के भोकाहेरी गांव में कच्चा मकान गिरने से 20 बकरियों की मौत हो गई।
11 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 11 जुलाई तक पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना जताई है। अगले 2-3 दिन तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी और मध्य यूपी के अन्य जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों से नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और सतर्क रहने की अपील की है।