नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली मेट्रो फेज़-IV के तहत इंदरलोक–इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का विधिवत शिलान्यास किया। करीब 12 किलोमीटर लंबा यह नया मेट्रो कॉरिडोर पश्चिमी और मध्य दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद लाखों लोगों का सफर पहले से अधिक तेज़, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। उन्होंने इसे राजधानी के आधुनिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
12 किलोमीटर लंबा होगा नया कॉरिडोर
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल मेट्रो नेटवर्क का विस्तार करना नहीं, बल्कि ऐसी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करना है जो हर वर्ग के नागरिक के लिए भरोसेमंद, सुलभ और आधुनिक हो। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से लोगों का समय बचेगा और शहर में आवागमन पहले से अधिक आसान होगा।
ट्रैफिक जाम कम करने पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नया कॉरिडोर पश्चिमी और मध्य दिल्ली के बीच यात्रा को आसान बनाएगा। इसके संचालन से ट्रैफिक जाम कम करने, यात्रा का समय घटाने और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक लोग निजी वाहनों के बजाय मेट्रो जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल करें, जिससे प्रदूषण कम हो और राजधानी की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित बन सके।
अटल जी के विज़न का किया जिक्र
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने दिल्ली मेट्रो का जो सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार विस्तार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर राजधानी में विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए काम कर रहे हैं।
विकसित दिल्ली’ के लक्ष्य पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट हर दिल्लीवासी की पहली पसंद बने। उन्होंने कहा कि आधुनिक मेट्रो नेटवर्क से राजधानी को बेहतर कनेक्टिविटी, स्वच्छ परिवहन और मजबूत आधारभूत ढांचा मिलेगा। रेखा गुप्ता ने इसे ‘विकसित दिल्ली’ के विज़न को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम बताते हुए कहा कि आने वाले समय में भी दिल्ली के परिवहन ढांचे को और मजबूत किया जाएगा।