नई दिल्ली: दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को अहम बैठक की। बैठक में दिल्ली की EV नीति की समीक्षा की गई और EV इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ दिल्ली के EV पोर्टल को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि पोर्टल को और अधिक यूजर-फ्रेंडली बनाया जाए ताकि आम लोग आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकें।
सरकार का फोकस है कि EV पोर्टल के माध्यम से लोगों को सब्सिडी, चार्जिंग स्टेशन की लोकेशन, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी एक ही जगह पर मिले। इससे दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने वाले लोगों की संख्या बढ़ेगी।
चार्जिंग नेटवर्क बढ़ाने के निर्देश
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि EV चार्जिंग स्टेशनों का नेटवर्क तेजी से बढ़ाया जाए और लोगों को EV खरीदने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रोत्साहित किया जाए। CM रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ हवा के लिए प्रतिबद्ध है। EV नीति इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। आने वाले समय में दिल्ली में सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।