नई दिल्ली। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वायु प्रदूषण से निपटने और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 70 लाख पौधारोपण महाअभियान की घोषणा की है।
7 जुलाई को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इस महाअभियान का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर 300 नई इलेक्ट्रिक बसों सहित पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े कई विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया जाएगा।
CM रेखा गुप्ता ने किया पोस्ट
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “कब तक हम वायु प्रदूषण को दिल्ली की मजबूरी मानते रहेंगे? अब समय है हवा बदलने का। आइए, मिशन मोड में आगे बढ़ते हैं।” उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि इस संकल्प को जनआंदोलन बनाएं। उन्होंने https://t.co/QZmtEtQ5lM लिंक पर पंजीकरण करने और कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। यह अभियान दिल्ली को हरा-भरा बनाने और प्रदूषण कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि पूरे शहर में बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर हरित क्षेत्र बढ़ाया जाए। इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रदूषण मुक्त परिवहन को बढ़ावा देगा।
वायु प्रदूषण के ख़िलाफ़ जंग
दिल्ली में वायु प्रदूषण एक गंभीर समस्या रही है, खासकर सर्दियों में। सरकार का मानना है कि पौधरोपण के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देकर इस समस्या से निपटा जा सकता है। अमित शाह के शुभारंभ के साथ यह अभियान पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा। सरकार ने सभी नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों, स्कूलों और कॉलेजों से इसमें भाग लेने की अपील की है। पौधों का पंजीकरण और रोपण की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई है।
इस पहल से दिल्ली की हवा स्वच्छ होगी, पर्यावरण संतुलन बनेगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ वातावरण मिलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि दिल्ली को ग्रीन सिटी बनाएं।