हिमाचल पहुंचा मानसून: किन्नौर में दस्तक, 2 जुलाई से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

शिमला : हिमाचल प्रदेश के लिए मानसून की राहत भरी खबर आ गई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को प्रदेश में प्रवेश कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने सबसे पहले किन्नौर जिले को पूरी तरह कवर किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि किन्नौर के अलावा कुल्लू और लाहौल-स्पीति के अधिकांश हिस्सों में भी मानसून पहुंच चुका है। इसके साथ ही शिमला और मंडी जिलों के कई इलाकों तथा सिरमौर और कांगड़ा के कुछ भागों में भी मानसूनी हवाएं सक्रिय हो गई हैं।

विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिन में मानसून पूरे हिमाचल को कवर कर लेगा। 2 और 3 जुलाई को प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय होने के आसार हैं। इसी के चलते मौसम विभाग ने 2 से 4 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

कहां कितनी बारिश के आसार

ऑरेंज अलर्ट के अनुसार कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर और कुल्लू जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। वहीं चंबा, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में भी कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मानसून के आते ही प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर शुरू हो गया है। पहाड़ी इलाकों में बादल छाए हुए हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

प्रशासन अलर्ट पर

भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के किनारे न जाएं और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। सड़कों पर सफर करने वालों को भी मौसम का अपडेट लेकर ही निकलने की सलाह दी गई है।

किसानों के लिए यह मानसून राहत लेकर आया है, लेकिन लगातार बारिश से बागवानी और सड़क नेटवर्क पर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग अगले 48 घंटों तक स्थिति पर लगातार नजर रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *