लखनऊ: KGMU लखनऊ की युवा ईएनटी एवं फेशियल प्लास्टिक सर्जन डॉ. देविशा अग्रवाल ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। उनका चयन वर्ष 2026 की इंटरनेशनल विजिटिंग स्कॉलरशिप (IVS) के लिए हुआ है। यह अत्यंत प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति अमेरिकन एकेडमी ऑफ ओटोलैरिंजोलॉजी–हेड एंड नेक सर्जरी फाउंडेशन (AAO-HNSF) द्वारा प्रदान की जाती है।
यह स्कॉलरशिप विश्वभर के प्रतिभाशाली युवा ईएनटी विशेषज्ञों के लिए सबसे बड़े और सबसे प्रतिस्पर्धी अकादमिक अवसरों में से एक मानी जाती है। शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध कार्य, नेतृत्व क्षमता और व्यावसायिक उपलब्धियों के आधार पर कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद डॉ. देविशा का नाम चुना गया। यह उपलब्धि न केवल लखनऊ बल्कि पूरे भारत के लिए गौरव की बात है।
इस छात्रवृत्ति के तहत डॉ. अग्रवाल क्या करेंगी?
- लॉस एंजिलिस में आयोजित AAO-HNSF 2026 Annual Meeting & OTO EXPO में भाग लेंगी, जो ईएनटी और हेड-नेक सर्जरी का विश्व का सबसे बड़ा वैज्ञानिक सम्मेलन है।
- मैसाचुसेट्स आई एंड ईयर, हार्वर्ड मेडिकल स्कूल में Advanced Clinical Observership पूरा करेंगी।
- यात्रा अनुदान, सम्मेलन में निःशुल्क पंजीकरण और AAO-HNSF की एक वर्ष की सदस्यता प्राप्त करेंगी।
- AAO-HNSF International Advisory Board की जनरल असेंबली में औपचारिक रूप से सम्मानित होंगी।
पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां
डॉ. देविशा अग्रवाल इससे पहले American Rhinologic Society Global Scholar Award प्राप्त करने वाली पहली भारतीय बन चुकी हैं। वर्ष 2025 में उन्होंने Johns Hopkins University School of Medicine, अमेरिका से फेशियल प्लास्टिक सर्जरी में उन्नत प्रशिक्षण भी लिया था।
इस अवसर पर डॉ. देविशा अग्रवाल ने कहा:
“भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच का हिस्सा बनना मेरे लिए अत्यंत सम्मान और गर्व की बात है। मेरा प्रयास रहेगा कि मैं विश्वस्तरीय ज्ञान, तकनीक और नवाचारों को भारत लेकर आऊँ, ताकि रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके और ईएनटी एवं फेशियल प्लास्टिक सर्जरी के क्षेत्र में देश की प्रगति में योगदान दे सकूँ।”
राइनोलॉजी, फेशियल प्लास्टिक सर्जरी, चिकित्सा अनुसंधान और नवाचार में विशेष रुचि
डॉ. देविशा अग्रवाल वर्तमान में ईएनटी एवं फेशियल प्लास्टिक सर्जन के साथ-साथ सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी विशेष रुचि राइनोलॉजी, फेशियल प्लास्टिक सर्जरी, चिकित्सा अनुसंधान और नवाचार में है। उनके कई शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं और उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।