Venezuela Earthquake: भूकंप पीड़ितों के लिए PM मोदी बने हनुमान, भारत ने भेजी मदद

नई दिल्ली/काराकास। उत्तरी वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के तुरंत बाद भारत ने मानवीय सहायता के लिए ऑपरेशन अमिस्ताद शुरू कर दिया है। इसके तहत भारतीय सेना की एक विशेष चिकित्सा टुकड़ी को भूकंप प्रभावित क्षेत्र में तैनात किया जा रहा है।

भारतीय सेना के 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल की 41 सदस्यीय मेडिकल टीम, जिसमें 9 मेडिकल अधिकारी शामिल हैं, आज दो भारतीय वायुसेना के विमानों से भारत से रवाना हो गई। टीम उन्नत चिकित्सा सुविधाओं, ट्रॉमा मैनेजमेंट, सर्जरी और क्रिटिकल केयर से लैस है। साथ में लगभग 6 टन चिकित्सा सामग्री और मानवीय सहायता सामग्री भी ले जा रही है, जिसमें भारत के आरोग्य मैत्री प्रोजेक्ट के तहत स्वदेशी रूप से विकसित BHISHM Cube भी शामिल है।

BHISHM Cube क्या है?

यह एक तेजी से तैनात होने वाला मॉड्यूलर फील्ड हॉस्पिटल है, जो 200 मरीजों तक को उन्नत ट्रॉमा केयर, इमरजेंसी सर्जरी और गहन चिकित्सा मुहैया करा सकता है। यह भारत की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत बनाता है।

“वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को किया मजबूत

भारत सरकार ने वेनेजुएला के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “Compartimos su dolor. Estamos con ustedes.” अर्थात “हम आपके दर्द को साझा करते हैं। हम आपके साथ हैं।” यह मिशन भारत की मानवीय सहायता और आपदा राहत के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो प्राचीन भारतीय दर्शन “वसुधैव कुटुम्बकम्”– “सम्पूर्ण विश्व एक परिवार है” पर आधारित है।

रेस्क्यू ऑपरेशन करेगी भारतीय टीम

विदेश मंत्रालय और भारतीय सेना के अनुसार, टीम पहुंचते ही भूकंप से प्रभावित लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना शुरू कर देगी। भूकंप में जान-माल की काफी क्षति हुई है और स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। ऐसे में भारत की यह त्वरित मदद अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

दुनिया में भारत रहा फर्स्ट रिस्पांडर

भारत पहले भी दुनिया भर की आपदाओं में सहायता पहुंचाने के लिए जाना जाता है। ऑपरेशन अमिस्ताद इस परंपरा को आगे बढ़ाता है और वैश्विक संकट के समय भारत की भूमिका को मजबूत करता है। वेनेजुएला सरकार ने भारत के इस सहयोगात्मक कदम का स्वागत किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी पहलें न सिर्फ प्रभावित देशों की मदद करती हैं बल्कि भारत की वैश्विक छवि को भी सकारात्मक बनाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *