CM योगी ने जेवर में 6750 करोड़ के इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोजेक्ट्स का किया शिलान्यास, बनेगी उत्तर भारत की ‘सिलिकॉन वैली’

जेवर | यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक क्षेत्र स्थित जेवर अब उत्तर भारत की ‘सिलिकॉन वैली’ बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को यहां 6750 करोड़ रुपये के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

पीएम मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ विजन को जमीन पर उतारते हुए यमुना सिटी में आयोजित इस समारोह में दो बड़ी कंपनियों के प्रोजेक्ट्स की नींव रखी गई।

क्या है प्रोजेक्ट

शिलान्यास में शामिल पहली कंपनी ASCENT-K सर्किट है, जो कोरिया की KCC के साथ जॉइंट वेंचर है। कंपनी 3250 करोड़ रुपये का निवेश कर एडवांस, हाई-डेंसिटी और मल्टी-लेयर PCB का निर्माण करेगी। दूसरी कंपनी AMBER एंटरप्राइजेज है जो 3500 करोड़ रुपये की लागत से HVAC कंपोनेंट्स और PCB असेंबली की फैक्ट्री लगाएगी।

इन दोनों प्लांट्स से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 3000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

PCB में आत्मनिर्भर बनेगा भारत

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि “जेवर आने वाले समय में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। हम अब सिर्फ असेंबली तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि डीप मैन्युफैक्चरिंग की ओर बढ़ रहे हैं। यहां बनने वाले 20 से 22 लेयर वाले एडवांस PCB आधुनिक टेक्नोलॉजी की रीढ़ हैं। जिन चीजों को हम अब तक आयात करते थे, उन्हें अब ‘मेक इन इंडिया’ के तहत दुनिया के लिए यहीं बनाएंगे।”

आयात घटेगा, विदेशी मुद्रा बचेगी

वर्तमान में भारत हर साल लगभग 40,000 करोड़ रुपये के PCB आयात करता है। जेवर में उत्पादन शुरू होने से इस आयात पर निर्भरता कम होगी। इससे देश की विदेशी मुद्रा बचेगी, रुपया मजबूत होगा और विदेशी मुद्रा भंडार को बढ़ावा मिलेगा। यह भारत के बैलेंस ऑफ पेमेंट में भी सुधार करेगा।

इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में तेज ग्रोथ

सरकारी आंकड़ों के अनुसार भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन 2014-15 में 1.9 लाख करोड़ रुपये था, जो 2025-26 में बढ़कर लगभग 13 लाख करोड़ रुपये हो गया है। यानी 6 गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी। इसी दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात भी 11 गुना बढ़कर 13 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। भारत अब दुनिया का छठा सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यातक देश बन चुका है और सरकार का लक्ष्य इसे दूसरा बनाना है।

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद जेवर ग्लोबल निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक डेस्टिनेशन बन गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रोजेक्ट भारत को ग्लोबल टेक रेस में सबसे आगे ले जाने में मदद करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *