दिल्ली के 156 टोल नाकों पर लगेगा MLFF सिस्टम, बिना रुके कटेगा टोल

दिल्ली: राजधानी में सफर अब और तेज होगा। दिल्ली के सभी 156 टोल नाकों पर जल्द बैरियर-रहित मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम शुरू किया जाएगा। नई व्यवस्था से गाड़ियों को टोल पर रुकना नहीं पड़ेगा और जाम से राहत मिलेगी।

क्या बदलेगा?

MCD के मुताबिक MLFF सिस्टम को फास्टैग और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) से जोड़ा जाएगा। जैसे ही वाहन टोल से गुजरेगा, कैमरे नंबर प्लेट स्कैन करेंगे और टोल राशि फास्टैग से अपने आप कट जाएगी। बैरियर हटने से गाड़ियां बिना स्पीड कम किए निकल सकेंगी।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर फैसला

MCD ने MLFF लागू करने के लिए अधिनियम में संशोधन का प्रस्ताव पास किया है। अधिकारी बताते हैं कि यह कदम सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद उठाया गया है। सिस्टम लागू होने से टोल पर लगने वाली लंबी कतारें खत्म होने की उम्मीद है।

नियम तोड़ा तो 5 गुना जुर्माना

नए उपनियमों के तहत अगर नंबर प्लेट खराब या पढ़ने लायक नहीं है, या चालक टोल कर्मियों से दुर्व्यवहार करता है, तो टोल का 5 गुना तक जुर्माना लगेगा। पहले अधिकतम जुर्माना 500 रुपये था।

कमर्शियल वाहनों का टोल बढ़ेगा

नए नियमों में कमर्शियल वाहनों के बेसिक टोल रेट में सालाना 5% तक बढ़ोतरी का प्रावधान है। जरूरत पड़ने पर ट्रकों और भारी वाहनों का टोल 2,000 रुपये तक बढ़ाया जा सकेगा। अप्रैल में इन वाहनों पर पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क (ECC) पहले ही बढ़ाया जा चुका है।

नया सिस्टम लागू होने के बाद दिल्ली में रोज टोल पर लगने वाले घंटों के जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *