नई दिल्ली: यमुना को साफ करने की मुहिम में रविवार को दिल्ली सरकार सड़क पर उतर आई। ‘यमुना तट स्वच्छता अभियान 2026’ के तहत राजधानी के 28 घाटों पर एक साथ मेगा सफाई अभियान चलाया गया।
CM ने गीता कॉलोनी घाट पर की शुरुआत
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद गीता कॉलोनी के यमुना तट पर पहुंचीं और हाथ में झाड़ू थामकर सफाई की। दशमेश घाट पर भी उन्होंने श्रमदान किया। इस मौके पर CM ने कहा, “यमुना का स्वच्छ, निर्मल और अविरल रूप सिर्फ सरकारी प्रयासों से नहीं लौटेगा। इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। सरकार अपना काम करेगी, लेकिन लोगों को भी जिम्मेदारी उठानी होगी।”
500 से ज्यादा संगठन जुड़े
अभियान में 500 से अधिक सामाजिक और धार्मिक संगठनों के हजारों स्वयंसेवक शामिल हुए। हाथी घाट, पुराना पुल, दशमेश घाट समेत सभी 28 घाटों पर सुबह से ही लोग जुटने लगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक और पार्टी कार्यकर्ता भी कचरा उठाते दिखे।
‘तीन साल में दिखेगा बदलाव’ – परवेश वर्मा
दिल्ली के मंत्री परवेश वर्मा ने हाथी घाट पर सफाई करते हुए कहा, “PM मोदी के साफ निर्देश हैं। गृह मंत्री हर 20 दिन में प्रगति रिपोर्ट मांगते हैं। CM का पूरा सहयोग है। इतने समर्थन के बाद यमुना की सफाई को कोई नहीं रोक सकता। तीन साल में नदी में बड़ा बदलाव दिखेगा।”
‘पिछली सरकारों ने की अनदेखी’ – शिखा राय
भाजपा विधायक शिखा राय ने कहा, “PM मोदी के 12 साल पूरे होने पर यह सेवा पखवाड़ा चल रहा है। पहले की सरकारों ने यमुना की अनदेखी की। तब नदी पर केमिकल का झाग तैरता था। अब यह बड़ा प्रयास है। इसका रिजल्ट जरूर मिलेगा।”
‘जनआंदोलन बनाना होगा’ – विजेंद्र गुप्ता
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता पुराना पुल घाट पर पहुंचे। उन्होंने कहा, “हजारों लोग इस अभियान से जुड़े हैं। यमुना की निर्मलता और अविरल धारा के लिए यह संकल्प है। इसे जनआंदोलन बनाना जरूरी है। यमुना अपनी खोई गरिमा वापस पाएगी और फिर दिव्य रूप में बहेगी।”
दशमेश घाट, हाथी घाट और अन्य घाटों पर CM रेखा गुप्ता, मंत्री परवेश वर्मा, विधायक शिखा राय, स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी सफाई में जुटे।