नई दिल्ली: म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग भारत दौरे पर हैं। शुक्रवार को नई दिल्ली में उन्होंने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। राष्ट्रपति ह्लाइंग की पीएम नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात प्रस्तावित है।
जयशंकर ने की सराहना
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने म्यांमार के राष्ट्रपति से मिलकर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “हमारे दीर्घकालिक द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण की मैं सराहना करता हूं। शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए हमारी साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात का इंतजार कर रहा हूं।”
बोधगया के बाद दिल्ली पहुंचे
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रपति ह्लाइंग पहले बोधगया गए, जहां उन्होंने महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। जायसवाल ने कहा कि यह यात्रा भारत-म्यांमार की साझा बौद्ध विरासत और गहरे आध्यात्मिक संबंधों को दर्शाती है।
2 जून तक भारत में रहेंगे
राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग का यह भारत दौरा 30 मई से 2 जून तक चलेगा। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। उनके साथ कैबिनेट मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और प्रमुख कारोबारियों का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। इस दौरे से दोनों देशों की द्विपक्षीय साझेदारी और मजबूत होने की उम्मीद है।