वॉशिंगटन: मिडिल ईस्ट में पिछले तीन महीने से जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान और क्षेत्र के अन्य देशों के बीच एक समझौते पर बातचीत अंतिम चरण में है। इसके साथ ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने की प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है।
कई देशों से की बातचीत
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने इस समझौते को लेकर सऊदी अरब, यूएई, कतर, पाकिस्तान, तुर्की, मिस्र, जॉर्डन और बहरीन के नेताओं से फोन पर लंबी चर्चा की है। उन्होंने कहा कि सभी पक्ष डील को लेकर सकारात्मक हैं और अब सिर्फ अंतिम रूप देना बाकी है।
नेतन्याहू से भी हुई चर्चा
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी अलग से बात की। ट्रंप के मुताबिक, “नेतन्याहू के साथ बातचीत बहुत शानदार रही। डील के आखिरी पहलुओं पर चर्चा चल रही है, जिसे जल्द ही दुनिया के सामने रखा जाएगा।”
ईरान-इजरायल की प्रतिक्रिया नहीं
फिलहाल ईरान और इजरायल की ओर से इस दावे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि ईरान ने शनिवार को कहा था कि वह अमेरिका के साथ संघर्ष खत्म करने के लिए एक ‘मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग’ पर काम कर रहा है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले तक अमेरिका ईरान पर नए सिरे से हमले पर विचार कर रहा था।
परमाणु कार्यक्रम पर चुप्पी
अपने बयान में ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम या अत्यधिक संवर्धित यूरेनियम का कोई जिक्र नहीं किया। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया का सबसे अहम तेल मार्ग है। पिछले कुछ महीनों से तनाव के कारण यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित थी। अगर यह समझौता होता है तो मिडिल ईस्ट में स्थिरता आने की उम्मीद है और वैश्विक तेल बाजार को भी राहत मिलेगी।