नई दिल्ली: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को राजधानी के हरियाणा भवन के बाहर इलेक्ट्रिक कार की यात्रा की। उन्होंने इसे भविष्य का वाहन बताया और कहा कि इससे न तो शोर होता है और न ही प्रदूषणा। सैनी ने इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा भवन में इलेक्ट्रिक कार का अनुभव लिया।
प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण आह्वान को दिया बढ़ावा
सीएम सैनी ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण और ईंधन खपत कम करने के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी देश की नई दिशा बन रही है। सैनी ने ट्वीट कर लिखा, “EV की सवारी, नई सोच की है तैयारी… ना धुआं-ना शोर, इलेक्ट्रिक भविष्य की ओर…” उन्होंने इलेक्ट्रिक कार चलाकर देखा और इसकी शांति, शानदार परफॉर्मेंस और पर्यावरण अनुकूलता की सराहना की।
प्रदूषणमुक्त वाहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन प्रदूषण मुक्त परिवहन का बेहतरीन विकल्प हैं। इनमें न तो धुआं होता है और न ही शोर। इससे न सिर्फ पर्यावरण की रक्षा होती है बल्कि पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता भी कम होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के विजन ‘विकसित भारत’ को साकार करने में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अहम बताया। नायब सैनी ने जोर देकर कहा कि स्वच्छ ऊर्जा, नई तकनीक और पर्यावरण संरक्षण के साथ भारत आगे बढ़ रहा है।
इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने से बढ़ेंगे नौकरियों के अवसर
सीएम ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने से युवाओं को नई नौकरियों के अवसर भी मिलेंगे और देश आत्मनिर्भरता की ओर मजबूती से बढ़ेगा। हरियाणा सरकार पहले से ही इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में हरियाणा को EV हब बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण बचाने और ऊर्जा संरक्षण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख करें।