नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस की शुक्रवार को हुई मुलाकात कूटनीति के साथ-साथ एक खास सेल्फी मोमेंट के लिए भी चर्चा में रही। हैदराबाद हाउस में हुई इस बैठक में दोनों देशों ने रिश्तों को ‘स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा देने का बड़ा फैसला लिया।
सेल्फी मोमेंट बना आकर्षण का केंद्र
बैठक के दौरान साइप्रस के राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस ने खुद अपने मोबाइल से PM मोदी के साथ सेल्फी ली। इस दौरान PM मोदी सहज और शांत अंदाज में खड़े रहे। सेल्फी के बाद दोनों नेताओं ने हंसते हुए गर्मजोशी से हाथ मिलाया। वीडियो में साइप्रस के राष्ट्रपति के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। इस पल ने दोनों देशों के बीच बढ़ती नजदीकी का संदेश दिया।
हैदराबाद हाउस में हुई अहम बातचीत
PM मोदी और राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस के बीच व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी सहयोग, पश्चिम एशिया संकट और यूक्रेन युद्ध जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक के बाद PM मोदी ने बताया कि पिछले 10 साल में साइप्रस से भारत में निवेश लगभग दोगुना हो चुका है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से नई संभावनाएं खुल रही हैं।
अगले 5 साल का तय टारगेट
PM मोदी ने कहा, “हमारा लक्ष्य अगले 5 साल में इस निवेश को फिर से दोगुना करने का है। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए आज हमने अपने भरोसेमंद रिश्ते को स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत और साइप्रस की दोस्ती भविष्य की जरूरतों के हिसाब से भी आगे बढ़ रही है। दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई।
जॉइंट टास्क फोर्स बनाएंगे दोनों देश
साइप्रस के राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस ने भारत के साथ रिश्तों को नई ऊंचाई देने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर और शिपिंग समेत अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए संयुक्त टास्क फोर्स बनाने का फैसला किया गया है। इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी।
तीन दिवसीय दौरा रहा सफल
राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस बुधवार से भारत के तीन दिवसीय दौरे पर थे। शुक्रवार को उनके दौरे का आखिरी दिन था। इस दौरे को भारत और साइप्रस के रिश्तों में नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।