दिल्ली में “मेट्रो मंडे” को मिला शानदार समर्थन, सीएम रेखा गुप्ता ने अपने मंत्रियों के साथ की मेट्रो से यात्रा

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को “मेट्रो मंडे” के तहत आम नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल न सिर्फ देश के ईंधन भंडार की बचत करेगा, बल्कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता सुधारने और ट्रैफिक जाम कम करने में भी बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सीएम ने लोगों से की ईंधन बचाने की अपील

रेखा गुप्ता ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “सभी नागरिकों से यह निवेदन करना चाहती हूं कि हम सब लोग जितना हो सके, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। यह न केवल देश के लिए ईंधन की बचत करेगा, बल्कि हमारी दिल्ली के लिए भी बेहद जरूरी है।”

मंत्रियों और विधायकों के साथ सीएम ने की मेट्रो यात्रा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए अपने सभी साथी मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों के साथ मेट्रो से यात्रा की। उन्होंने बताया कि आज कई दिल्लीवासियों ने भी मेट्रो और अन्य सार्वजनिक वाहनों का उपयोग किया, जिससे उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई है।“ आज ‘Metro Monday’ के अंतर्गत जो आह्वान किया गया था, उसके तहत मैं, मेरे सभी साथी मंत्री, विधायक और अधिकारीगणों ने प्रयास किया है कि आज मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए। इसी क्रम में आज हम भी मेट्रो से यहां पहुंचे हैं।

सहयोग के लिए दिल्लीवासियों को दिया धन्यवाद

सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सब मिलकर दिल्ली को और बेहतर बनाएं। यह पहल दिल्ली सरकार की पर्यावरण संरक्षण और सस्टेनेबल मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। दिल्ली में बढ़ते वाहनों की संख्या, प्रदूषण और ईंधन की खपत को देखते हुए पब्लिक ट्रांसपोर्ट को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है। “मेट्रो मंडे” जैसी पहलें नागरिकों को नियमित रूप से मेट्रो, बस और अन्य साझा वाहनों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने का प्रयास हैं। रेखा गुप्ता ने आह्वान किया कि हर सोमवार को ज्यादा से ज्यादा लोग मेट्रो का उपयोग करें, ताकि यह आदत बन सके। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *