गुवाहाटी: असम में विधानसभा चुनावों में भाजपा नीत एनडीए की भारी जीत के बाद हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में भव्य रूप से आयोजित किया गया। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सरमा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
PM मोदी रहे मौजूद
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, पूर्व मुख्यमंत्री सरबानंद सोनोवाल समेत कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री मौजूद थे। अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
NDA ने जीती हैं 102 सीटें
एनडीए गठबंधन ने 126 सदस्यीय असम विधानसभा में 102 सीटें जीतीं, जिसमें भाजपा अकेले 82 सीटों पर सफल रही। यह 2016 के बाद से भाजपा की तीसरी सरकार है। सरमा ने जलुकबाड़ी सीट से जीत हासिल की और 57 वर्षीय नेता अब असम में कांग्रेस के बाद गैर-कांग्रेस मुख्यमंत्री के रूप में लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने वाले पहले नेता बन गए।
हेमंत के साथ 4 और विधायकों ने भी ली शपथ
समारोह में सरमा के साथ चार अन्य विधायकों ने भी शपथ ली। इनमें भाजपा की अजंता नेग और रमेश्वर तेली, एजीपी के अतुल बोरा तथा बीपीएफ के चरण बोरो शामिल हैं। शपथ ग्रहण के बाद सरमा ने कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में ‘विकसित असम’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने मां कामाख्या की कृपा का आशीर्वाद माना और राज्य में बुनियादी ढांचे, सड़कों, एयरपोर्ट्स के विकास तथा अवैध घुसपैठ पर अंकुश लगाने जैसे मुद्दों पर जोर दिया।
प्रधानमन्त्री ने असम के लोगों को सराहा
पीएम मोदी ने समारोह को संबोधित करते हुए असम की प्रगति की सराहना की और कहा कि पिछले वर्षों में राज्य में शांति, विकास और सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। उन्होंने आगामी वर्षों में पूर्वोत्तर को भारत के विकास का इंजन बनाने पर बल दिया। यह समारोह एनडीए की मजबूती और असम में भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता का प्रतीक बन गया। हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कार्यक्रम में भाग लिया।