गुजरात में सोमनाथ मंदिर के अमृत महोत्सव में शामिल हुए पीएम मोदी, बोले- “यह महादेव की है दिव्य लीला”

PM Modi

गुजरात: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के सोमनाथ मंदिर में आयोजित अमृत महोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना, कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम के मौके पर मंदिर परिसर में भव्य एयर शो का भी आयोजन किया गया। बाद में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए सोमनाथ मंदिर के इतिहास, भारत की सांस्कृतिक चेतना और देश की शक्ति पर विस्तार से बात की।

“सोमनाथ का पुनर्निर्माण ऐतिहासिक क्षण”

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम देवों के देव महादेव की प्रतिमा स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोमनाथ अमृत महोत्सव भगवान सदाशिव की दिव्य कृपा का प्रतीक है। पीएम मोदी ने कहा कि 75 साल पहले इसी दिन सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण हुआ था, जो कोई साधारण घटना नहीं थी। 1947 में देश को आजादी मिली और 1951 में सोमनाथ की प्राण प्रतिष्ठा ने स्वतंत्र भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई पहचान दी।

सरदार पटेल के योगदान का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 500 से अधिक रियासतों को एकजुट कर आधुनिक भारत की नींव रखी। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के जरिए उन्होंने दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत केवल राजनीतिक रूप से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी फिर से मजबूत होकर खड़ा हो रहा है।

“सोमनाथ की शक्ति अमर है”

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ महीने पहले वह सोमनाथ स्वाभिमान उत्सव में भी शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि हजार वर्षों के संघर्ष और कई आक्रमणों के बावजूद सोमनाथ मंदिर की आस्था और शक्ति आज भी अटूट है। उन्होंने कहा कि आज का अमृत महोत्सव केवल अतीत का उत्सव नहीं, बल्कि आने वाले हजार वर्षों के भारत के संकल्प और प्रेरणा का प्रतीक भी है।

पोखरण परमाणु परीक्षण का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में 11 मई 1998 के पोखरण परमाणु परीक्षण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसी दिन भारत ने दुनिया के सामने अपनी ताकत और वैज्ञानिक क्षमता का प्रदर्शन किया था।

पीएम मोदी ने कहा कि उस समय पूरी दुनिया ने भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में देश ने दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाई। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई ताकत भारत को झुका नहीं सकती। भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षण को ‘ऑपरेशन शक्ति’ नाम दिया था, क्योंकि शिव और शक्ति की आराधना भारत की परंपरा का हिस्सा रही है।

देशवासियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री ने सोमनाथ अमृत महोत्सव के अवसर पर देशवासियों और भगवान सोमनाथ के करोड़ों भक्तों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत, आस्था और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *