असम: असम में हिमंत बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उनका शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार, 12 मई को गुवाहाटी के वेटनरी कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर शुरू होगा। मुख्यमंत्री के साथ एक छोटे मंत्रिमंडल के भी शपथ लेने की संभावना है। जानकारी के अनुसार हिमंत बिस्वा सरमा के साथ तीन मंत्री भी शपथ ले सकते हैं, जिनमें सहयोगी दलों के प्रतिनिधि भी शामिल हो सकते हैं।
ये बड़े नेता रहेंगे मौजूद
इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे। इसके अलावा एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य मुख्यमंत्री और नए मंत्रिपरिषद के सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। उन्होंने रविवार को हिमंत बिस्वा सरमा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था।
लगातार दूसरी बार ऐतिहासिक उपलब्धि
हिमंत बिस्वा सरमा पहली बार वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री बने थे। अब लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के साथ वे असम में दो कार्यकाल पूरे करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन जाएंगे। असम विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतकर बड़ी जीत दर्ज की।
भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीतकर पहली बार पूर्ण बहुमत हासिल किया, जबकि असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10-10 सीटें जीतीं। नई सरकार शपथ के बाद अपने पहले 100 दिनों की प्राथमिकताओं का खाका पेश कर सकती है। इसमें भूमि अधिकार, विकास योजनाएं और प्रशासनिक सुधार जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।