रेवाड़ी: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को रेवाड़ी की जान आशीर्वाद रैली में शामिल हुए। उन्होंने एक्स पर लिखा, “महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के पावन अवसर पर रेवाड़ी में आयोजित ‘जन आशीर्वाद रैली’ में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोश भरा माहौल देखा।”
सीएम सैनी ने आगे लिखा कि कार्यक्रम में पहुंची सरदारी की गूंज पूरे हरियाणा में भाजपा के कमल खिलाने का काम करेगी, ऐसा विश्वास जताते हुए उन्होंने कहा कि यह रैली विकास और एकता का प्रतीक बनेगी।
ज्योतिबा फुले को किया नमन
महात्मा ज्योतिबा फुले जी को कोटि-कोटि नमन करते हुए CM ने कहा, “फुले जी ने समाज सुधार और शिक्षा के माध्यम से विशेषकर महिलाओं और पिछड़ों के उत्थान की जो नींव रखी, उसी राह पर चलते हुए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में मातृशक्ति का सशक्तिकरण हो रहा है। हरियाणा में हम निरंतर इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”
चेयरपर्सन प्रत्याशी विनीता पीपल जी के समर्थन में आयोजित इस रैली में CM ने अपने परिवारजनों, कर्मठ कार्यकर्ताओं और गणमान्य अतिथियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने रेवाड़ी की सरदारी से आग्रह किया कि भाजपा उम्मीदवार को भारी मतों से विजयी बनाकर विकास की यात्रा को और सशक्त बनाएं।
सैनी ने कहा, “माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में हम विकास, एकता और जनसेवा के मार्ग को मजबूत कर रहे हैं। विनीता पीपल जी के नेतृत्व में रेवाड़ी का समग्र विकास सुनिश्चित होगा,”।
रैली में उमड़ी भीड़
रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और स्थानीय कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने फुले के सामाजिक न्याय के संदेश को आगे बढ़ाने और मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा ने महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं को और प्रभावी बनाने का वादा किया। रैली का समापन विकास और समृद्धि के नारे के साथ हुआ।