आशा भोसले के निधन पर देशभर में शोक, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

मुंबई: प्रसिद्ध पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। संगीत प्रेमियों के साथ-साथ राजनीतिक जगत की दिग्गज हस्तियों ने भी गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

पीएम मोदी ने बताया ‘अद्वितीय आवाज’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आशा भोसले भारत की सबसे बहुमुखी और मशहूर आवाजों में से एक थीं। उन्होंने कहा कि दशकों तक चली उनकी संगीत यात्रा ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर के लोगों के दिलों को छुआ। पीएम मोदी ने उनकी आवाज को “बेमिसाल चमक” वाली बताते हुए उन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बताया।

अमित शाह ने किया योगदान को नमन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आशा भोसले के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा और मधुर आवाज से भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयां दीं और एक अलग पहचान बनाई।

फडणवीस बोले संगीत का दूसरा सितारा भी डूबा

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे देश और दुनिया के संगीत प्रेमियों के लिए बेहद दुखद क्षण बताया। उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर के बाद अब संगीत का एक और बड़ा सितारा भी चला गया। फडणवीस ने कहा कि आशा भोसले ने बचपन से लेकर 92 वर्ष की आयु तक संगीत की सेवा की और हर तरह के संगीत में अपनी अमिट छाप छोड़ी।

गडकरी ने बताया अपूरणीय क्षति

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने संदेश में कहा कि आशा भोसले का निधन भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि अपनी विलक्षण प्रतिभा से उन्होंने संगीत के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई और उनके गीत पीढ़ियों तक याद रखे जाएंगे।

सीएम योगी ने जताया गहरा दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे कला और संगीत जगत की अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनकी गायकी ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *