घुसपैठ पर सख्ती से लेकर 3000 रुपये मासिक मदद तक, जानिए BJP के ‘संकल्प पत्र’ में क्या है बड़े ऐलान

West Bengal Assembly Election: अमित शाह ने कोलकाता में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ जारी किया। इस दौरान पार्टी ने सत्ता में आने पर घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई, महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता तथा सरकारी कर्मचारियों के लिए वेतन आयोग से जुड़े बड़े वादे किए।

घुसपैठ पर सख्त नीति का ऐलान

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में सीमा सुरक्षा और घुसपैठ के मुद्दे को प्रमुखता दी है। शाह ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने पर घुसपैठियों के खिलाफ “डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट” की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने इसे “जीरो टॉलरेंस” नीति बताते हुए कहा कि अवैध घुसपैठ को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

महिलाओं और युवाओं को 3,000 रुपये मासिक सहायता

भाजपा ने महिला मतदाताओं को साधने के लिए बड़ा वादा किया है। संकल्प पत्र के अनुसार, राज्य की हर महिला को 3,000 रुपये मासिक आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही बेरोजगार युवाओं को भी 3,000 रुपये मासिक भत्ता देने का ऐलान किया गया है।

सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा वादा

पार्टी ने कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में सरकार बनती है तो 45 दिनों के भीतर राज्य के कर्मचारियों के लिए सातवां वेतन आयोग गठित किया जाएगा। इसे सरकारी कर्मचारियों के हित में बड़ा कदम बताया गया है।

UCC और कानून व्यवस्था पर बयान

संकल्प पत्र जारी करते हुए शाह ने कहा कि राज्य में सभी नागरिकों के लिए समान कानून लागू किया जाएगा। साथ ही हर व्यक्ति को अपने धर्म का स्वतंत्र रूप से पालन करने की गारंटी देने की बात भी कही गई। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य “सोनार बांग्ला” का निर्माण है और यह संकल्प पत्र उसी दिशा में एक रोडमैप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *