राघव चड्ढा ने पार्टी के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी, वीडियो जारी कर आम आदमी पार्टी से पूछे तीन सवाल

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी की ओर से लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए पार्टी नेतृत्व से तीन अहम सवाल भी पूछे। राघव चड्ढा ने अपने वीडियो में कहा कि पिछले कुछ समय से उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से जुबानी हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक जैसी भाषा और एक जैसे आरोपों के जरिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है, जिसका वे तथ्यों के साथ जवाब दे रहे हैं।

पार्टी से पूछे तीन बड़े सवाल

चड्ढा ने आम आदमी पार्टी से सवाल करते हुए कहा कि उन्हें बताया जाए कि कब उन्होंने विपक्षी सांसदों के वाकआउट में पार्टी का साथ नहीं दिया। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि संसद की सीसीटीवी फुटेज में यदि ऐसा कोई उदाहरण है तो उसे सार्वजनिक किया जाए।

दूसरे सवाल में उन्होंने पूछा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने के लिए मुझे कब कहा गया, यह पार्टी स्पष्ट करे। उनका कहना है कि न तो औपचारिक और न ही अनौपचारिक रूप से ऐसा कोई निर्देश मिला। साथ ही यह भी बताया जाए कि जब 6-7 अन्य सांसदों ने भी साइन नहीं किए, तो इस मुद्दे को केवल मेरे खिलाफ ही क्यों उठाया जा रहा है

तीसरे मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वे संसद में विवाद करने नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दे उठाने के लिए आए हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पंजाब के पानी, दिल्ली के प्रदूषण और जीएसटी जैसे अहम विषयों को संसद में प्रमुखता से उठाया है।

आरोपों को बताया “झूठा अभियान”

चड्ढा ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत बताया। उन्होंने कहा कि यह एक सोची-समझी मुहिम का हिस्सा है, जिसमें उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

“मोशन पर साइन के लिए नहीं कहा गया

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव को लेकर चड्ढा ने स्पष्ट किया कि उनसे इस पर हस्ताक्षर करने के लिए कभी नहीं कहा गया। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के कई अन्य सांसदों ने भी इस प्रस्ताव पर साइन नहीं किए थे, फिर केवल उन्हें ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है।

आम आदमी पार्टी ने लगाए थे आरोप

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने हाल ही में राघव चड्ढा पर आरोप लगाया था कि वे संसद में केंद्र सरकार के खिलाफ मुद्दे उठाने से बच रहे हैं। पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा था कि चड्ढा कई मामलों में पार्टी लाइन से हटकर काम कर रहे हैं। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी उनकी आलोचना करते हुए सवाल उठाया था कि क्या कोई ऐसा व्यक्ति, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से “डरता” है, देश के लिए लड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *