जींद: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। रैली में मुख्यमंत्री ने कहा कि माता जयंती देवी की पावन नगरी में आकर उन्हें गर्व का अनुभव हो रहा है। उन्होंने जींद की भूमि को परिश्रम और प्रगति का संगम बताते हुए कहा कि उनकी सरकार जींद के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जींद विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 15 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया, जिनकी कुल लागत 253 करोड़ रुपए है। इनमें से तीन परियोजनाओं का उद्घाटन 112.14 करोड़ रुपए की लागत से किया गया और 12 परियोजनाओं का शिलान्यास 140.87 करोड़ रुपए की लागत से किया गया। उन्होंने कहा कि अब तक जींद के विकास के लिए 125 घोषणाएं की गई हैं, जिनमें से 103 कार्य पूर्ण हो चुके हैं और बाकी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
रोजगार और युवा सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री ने जींद में रोजगार के अवसरों की उपलब्धियों पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में जींद के विकास कार्यों के लिए 2217.61 करोड़ रुपए खर्च किए गए और इस दौरान 15,000 युवाओं को बिना खर्च और बिना पर्ची के नौकरी प्रदान की गई। बजट 2026-27 में 21 नए खेल स्टेडियमों की घोषणा की गई है, जिनमें जींद का स्टेडियम भी शामिल है। इसके अलावा प्रदेश में 10 नए इंडस्ट्रीयल मेन टर्मिनल (आईएमटी) बनाए जाएंगे, जिनमें से एक जींद में स्थापित होगा।
सड़क और शहर का सौंदर्यीकरण
उन्होंने बताया जींद में मॉडल सड़क का निर्माण किया जाएगा और रानी तालाब के नजदीक ऑडिटोरियम पार्किंग तैयार की जाएगी, जिसमें 60 करोड़ रुपए की लागत आएगी। पालिका बाजार को स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा। शहर की प्रमुख सड़कों पर डेकोरेटिव पोल और लाइटें लगाई जाएंगी, और जयंती देवी मंदिर के सामने मीट मार्केट को शिफ्ट किया जाएगा, जिस पर लगभग 5 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
जिलानी में पशु अस्पताल का निर्माण होगा और अहिरका में उप स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा। राजकीय महा विद्यालय में आर्ट ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा, जबकि नहरी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नहरी कॉलोनी का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
ग्रामीण विकास और सड़क सुधार
मार्केट बोर्ड की छह सड़कों का चौड़ीकरण और मरम्मत की जाएगी। पीडब्ल्यूडी विभाग की 25 सड़कों का रखरखाव किया जाएगा, और खेतों में जाने वाले 25 किलोमीटर कच्चे रास्तों को खेत खलिहान योजना के तहत पक्का किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास के लिए अतिरिक्त पांच करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार तेल और गैस की आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने यह भी कहा कि जींद का हर क्षेत्र विकास के केंद्र में रहेगा और सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाएगा।